हांसी में गैस सिलेंडर नहीं मिलने पर लोगों ने किया गैस एजेंसी पर हंगामा
घंटों लाइन में खड़े लोगों का फूटा गुस्सा, बुलानी
पड़ी पुलिस
हांसी, 19 मार्च (हि.स.)। शहर के श्री काली देवी
मंदिर के पास स्थित हनुमान गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं ने गैस सिलेंडर नहीं मिलने पर
जमकर हंगामा किया। घंटों लाइन में खड़े रहने के बावजूद गैस सिलेंडर नहीं मिलने से नाराज
लोगों ने एजेंसी प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
काफी संख्या उपभोक्ता गैस सिलेंडर लेने के लिए
गुरुवार सुबह से ही एजेंसी पर पहुंच गए और अपनी बारी का इंतजार करते हुए वे लंबे समय
तक लाइन में खड़े रहे। कई घंटों बाद भी सिलेंडर नहीं मिलने पर उनका धैर्य जवाब दे गया
और उन्होंने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। एजेंसी कार्यालय पर स्थिति बिगड़ती देख एजेंसी
संचालक ने पुलिस को बुलाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उपभोक्ताओं को समझाया और उनसे
अपील की कि जिन गांवों में होम डिलीवरी की सुविधा उपलब्ध है, वहां के लोग एजेंसी पर
भीड़ न करे।
इस अवसर पर ढाणी कुंदनापुर से आए एक उपभोक्ता
ने बताया कि उन्होंने काफी समय पहले गैस सिलेंडर लिया था और आज जब दोबारा लेने के लिए
सुबह से एजेंसी कार्यालय के बाहर लाइन में खड़े रहने के बावजूद उन्हें गैस सिलेंडर
नहीं मिला और बिना सिलेंडर खाली हाथ लौटना पड़ा। एक अन्य उपभोक्ता ने बताया की कि उसे
कई दिन पहले सिलेंडर बुक कराने के बावजूद उन्हें आज भी बिना गैस सिलेंडर लौटना पड़ा।
इस अवसर जगदीश कॉलोनी निवासी एक बुजुर्ग महिला
ने अपनी परेशानी साझा करते हुए बताया कि उनके घर में कई दिनों से गैस खत्म है और वे
चूल्हे पर खाना बनाने को मजबूर हैं। उन्होंने बताया कि आज सुबह से लाइन में लगने के
बावजूद उन्हें गैस सिलेंडर नहीं मिल पाया।
गैस एजेंसी प्रबंधन के अनुसार गुरुवार को
389 गैस सिलेंडर होम डिलीवरी के माध्यम से वितरित किए गए हैं, जबकि एजेंसी पर सिलेंडर
लेने वाले करीब 100 सिलेंडरों की पर्चियां काटी गई हैं। उन्होंने बताया कि उपभोक्ताओं द्वारा पैनिक बुकिंग
के कारण अचानक भीड़ बढ़ गई। इसके अतिरिक्त जिन उपभोक्ताओं की गैस होम डिलीवरी के लिए
भेजी गई थी, वे भी एजेंसी पर पहुंच रहे हैं, जिससे अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हुई।
लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद स्थिति पर काबू पा लिया गया। हालांकि,
उपभोक्ताओं में गैस आपूर्ति को लेकर नाराजगी अभी भी बनी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

