home page

सीपीए नॉर्थ इंडिया रीजन जोन-टू सम्मेलन साेमवार से चंडीगढ़ में,तैयारियां पूरी

 | 
सीपीए नॉर्थ इंडिया रीजन जोन-टू सम्मेलन साेमवार से चंडीगढ़ में,तैयारियां पूरी


-हरियाणा पहली बार करेगा मेजबानी, लोकसभा स्पीकर करेंगे उद्घाटन

चंडीगढ़, 07 जून (हि.स.)। हरियाणा विधान सभा को पहली बार राष्ट्रमंडल संसदीय संघ के इंडिया रीजन के नॉर्थ जोन-2 सम्मेलन की मेजबानी का अवसर मिला है। राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) भारत क्षेत्र का उत्तर जोन-2 सम्मेलन 8 से 10 जून तक चंडीगढ़ में हरियाणा विधान सभा की मेजबानी में आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन का सबसे बड़ा केंद्र देशभर की विधानसभाओं के बीच डिजिटल समन्वय, साझा संसदीय तंत्र और तकनीक आधारित विधायी सुधारों की दिशा में पहल होगा।

सम्मेलन की अध्यक्षता लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला करेंगे। कार्यक्रम में राज्य सभा के उप-सभापति हरिवंश, हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा अन्य विशिष्ट अतिथि भी भाग लेंगे। पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया, पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवा को भी सम्मेलन में आमंत्रित किया गया है।

इस सम्मेलन में आंध्र प्रदेश, दिल्ली, गोवा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, पंजाब, राजस्थान, सिक्किम, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल सहित 15 राज्य विधान मंडलों ने सम्मेलन में भाग लेने की पुष्टि की है। हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण के नेतृत्व में आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में कार्यक्रम स्थलों, आवास व्यवस्था, परिवहन, सुरक्षा, प्रोटोकॉल आदि का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।

विधान सभा अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने रविवार को बताया कि सोमवार से शुरू होने वाले सम्मेलन की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मुख्यमंत्री नायब सैनी, हरियाणा व पंजाब के राज्यपाल तथा अन्य सभी वीवीआईपी को निमंत्रण दिया जा चुका है। राज्य सरकार ने सम्मेलन को ‘स्टेट फंक्शन’ घोषित किया है। इस संबंध में अलग-अलग कार्यों को लेकर नोडल अधिकारी नियुक्ति किए गए हैं।

सम्मेलन का उद्घाटन सत्र 8 जून को हरियाणा विधान सभा परिसर में आयोजित किया जाएगा। 9 जून को विभिन्न तकनीकी सत्र और समापन समारोह ‘द ललित’ होटल में आयोजित होगा। विभिन्न राज्यों के विधान मंडलों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस बैठक के माध्यम से जानकारी प्रदान की गई है। इस दौरान लोकसभा के महासचिव उत्पल कुमार तथा राज्यसभा के महासचिव पी.सी. मोदी पूरे आयोजन के लिए समन्वय कर रहे हैं।

विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि यह सम्मेलन न केवल संसदीय लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा, बल्कि इससे विभिन्न राज्यों के बीच संसदीय अनुभवों और सर्वोत्तम प्रथाओं के आदान-प्रदान को भी नई गति मिलेगी। सम्मेलन में जिन प्रमुख बदलावों पर विचार होने जा रहे हैं, उनमें डिजिटल आधारित विधायी प्रक्रियाओं को बढ़ावा और राज्यों के बीच संसदीय अनुभवों का साझा तंत्र मजबूत करना अहम है। इसी तरह से दस्तावेजों और प्रक्रियाओं का अधिक तकनीक-सक्षम प्रबंधन, बेहतर सूचना साझाकरण प्रणाली, आधुनिक संसदीय प्रशासनिक मॉडल और जनप्रतिनिधियों के लिए अधिक प्रभावी विधायी सहायता तंत्र पर चर्चा प्रमुख रहेगी।

राष्ट्रमंडल संसदीय संघ इंडिया रीजन के जोन-2 सम्मेलन की मेजबानी कर रहे हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने आयोजन से जुड़े सभी नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सम्मेलन के दौरान पर्यावरण संरक्षण और उत्कृष्ट प्रबंधन को प्राथमिकता दी जाए तथा किसी भी प्रकार के अनावश्यक खर्च न होने पाए। सम्मेलन में आने वाले सभी प्रतिनिधियों और अधिकारियों के आवागमन की व्यवस्था ई-बसों के माध्यम से की गई है। हरियाणा विधान सभा सचिवालय ने प्रतिनिधियों के लिए छह आधुनिक ई-बसों की व्यवस्था की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा