home page

पलवल पुलिस पर फायरिंग कर फरार हुआ आरोपी गिरफ्तार

 | 
पलवल पुलिस पर फायरिंग कर फरार हुआ आरोपी गिरफ्तार


पलवल, 06 जून (हि.स.)। पलवल पुलिस के एंटी नारकोटिक्स सेल ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर फरार हुए एक गो-तस्कर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान नूंह जिले के फिरोजपुर नमक निवासी खुर्शीद उर्फ फौजी के रूप में हुई है, जो पिछले चार वर्षों से फरार चल रहा था।एंटी नारकोटिक्स सेल प्रभारी निरीक्षक विश्व गौरव ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि मामला जनवरी 2022 का है। उस समय गोरक्षक दल से सूचना मिली थी कि एक कंटेनर में गोवंश भरकर वध के लिए नूंह की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर सदर थाना पुलिस ने केएमपी एक्सप्रेस-वे स्थित टोल प्लाजा के पास नाकाबंदी की थी। नाकाबंदी के दौरान कंटेनर सवार आरोपियों ने वाहन को वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने नेशनल हाईवे-19 पर कंटेनर को काबू कर लिया, लेकिन घने कोहरे और अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी खेतों के रास्ते फरार हो गए।पुलिस जांच के दौरान कंटेनर से 18 गोवंश, दो चले हुए कारतूस, एक जिंदा कारतूस तथा एक लोहे की छुरी बरामद की गई थी। इस संबंध में आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, हरियाणा गौवंश संरक्षण एवं गोसंवर्धन अधिनियम तथा पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार इस मामले में आरोपी अरबाज, मुस्तकीम और हनीफ उर्फ हन्नी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं खुर्शीद उर्फ फौजी की तलाश लगातार जारी थी। प्रभारी विश्व गौरव ने बताया कि खुर्शीद फिलहाल सदर थाना के एक अन्य मामले में जेल में बंद था। मामले में उसकी संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने अदालत से प्रोडक्शन वारंट प्राप्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग