home page

पलवल में गोकशी का भंडाफोड़, 60 किलो गोमांस सहित एक आरोपित गिरफ्तार

 | 
पलवल में गोकशी का भंडाफोड़, 60 किलो गोमांस सहित एक आरोपित गिरफ्तार


पलवल, 27 फ़रवरी (हि.स.)। पलवल जिले के गांव गोहपुर में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गोकशी के मामले का पर्दाफाश किया है। अपराध जांच शाखा की टीम ने एक बंद मकान में छापा मारकर एक आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से करीब 60 किलोग्राम गोमांस और गोकशी में प्रयुक्त धारदार हथियार बरामद किए हैं।

अपराध जांच शाखा हथीन प्रभारी उप निरीक्षक दीपक गुलिया ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि 26 फरवरी की रात को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गांव गोहपुर निवासी जाकिर एक पुराने बंद मकान में गोवंश की हत्या कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर दबिश दी।

पुलिस के अनुसार, जब टीम मौके पर पहुंची तो आरोपित मोबाइल की रोशनी में गोकशी कर रहा था। पुलिस को देखते ही वह कुल्हाड़ी और छुरी लेकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे मौके पर ही काबू कर लिया।

तलाशी के दौरान पुलिस ने मौके से दो प्लास्टिक कट्टों में 59.650 किलोग्राम गोमांस बरामद किया। इसके अलावा कुल्हाड़ी, छुरियां और अन्य उपकरण भी कब्जे में लिए गए। पुलिस ने बरामद गोमांस और हथियारों को जब्त कर लिया है।

हथीन थाना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ हरियाणा गौवंश संरक्षण एवं गौसंवर्धन अधिनियम तथा पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है, ताकि इस मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें भी गिरफ्तार किया जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अन्य आरोपिताें को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग