home page

पुलिस व राजस्व विभाग में पकड़े गए सर्वाधिक भ्रष्टाचारी

 | 

-एसीबी ने इस वर्ष में 176 ट्रैप ऑपरेशन किए

-पुलिस में 43 व राजस्व विभाग में 36 ट्रैप लगाए

चंडीगढ़, 02 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई के लिए प्रदेश सरकार ने एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) द्वारा भ्रष्टाचारियों के विरूद्ध अभियान चलाकर जहां अब तक सैकड़ों कर्मचारियों व अधिकारियों को सलाखों के पीछे पहुंचाया है वहीं, पुलिस व राजस्व विभाग में सबसे अधिक भ्रष्टाचार सामने आया है, जहां सबसे अधिक भ्रष्टाचार है। इन दोनों विभागों में इस साल 79 अधिकारी और कर्मचारी रिश्वत लेते पकड़े जा चुके हैं।

पुलिस विभाग में 43 और राजस्व विभाग में 36 ट्रैप हुए हैं। एक साल पहले तक हर तीसरे दिन एक अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत लेते हुए पकड़ा जाता था, मगर इस साल यह औसत दो दिन में पहुंच गया है। सरकारी विभागों में रिश्वतखोरों पर कार्रवाई बढऩे से भ्रष्टाचारियों ने रिश्वत लेना कम नहीं किया, बल्कि उसका तरीका बदल दिया है।

एंटी करप्शन ब्यूरो ने वर्ष 2026 में अब तक 176 ट्रैप ऑपरेशन किए हैं। कुल ट्रैप कार्रवाई में पुलिस व राजस्व विभाग की हिस्सेदारी करीब 45 प्रतिशत है। यह दोनों विभाग ऐसे हैं, जहां बिना पैसे के काम कराना आसान नहीं है। एंटी करप्शन ब्यूरो के महानिदेशक अरशिंदर सिंह चावला के अनुसार हरियाणा सरकार की तरफ से आज तक ऐसा कोई संकेत नहीं मिला कि किसी भ्रष्टाचारी पर कोई नरमी बरतनी है। वर्ष 2026 में ट्रैप ऑपरेशन का आंकड़ा पिछले करीब एक दशक के मुकाबले सबसे अधिक स्तर पर पहुंचा है। औसतन हर दूसरे दिन एक सरकारी कर्मचारी रिश्वत लेते पकड़ा जा रहा है।

अरशिंदर चावला के अनुसार, भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में आम लोगों की भागीदारी सबसे जरूरी है। कई लोग रिश्वतखोरी की जानकारी होने के बावजूद इसलिए शिकायत नहीं करते कि उनका नाम सामने आ जाएगा या उन्हें परेशान किया जाएगा। एसीबी शिकायतकर्ताओं की पहचान सुरक्षित रखने और शिकायत प्रक्रिया को आसान बनाने पर काम कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा