सोनीपत अस्पताल में प्लेटलेट्स रिपोर्ट पर विवाद, मेडिकल बोर्ड करेगा जांच
सोनीपत, 13 नवंबर (हि.स.)। सोनीपत के सेक्टर-12 स्थित कलावती आनंद मित्तल अस्पताल में
भर्ती गांव सांदल कलां निवासी मोंटी की प्लेटलेट्स रिपोर्ट में कथित गड़बड़ी के मामले
में जिला मेडिकल बोर्ड ने जांच शुरू करने की तैयारी की है। बोर्ड ने शिकायत पर सुनवाई
के लिए 18 नवंबर 2026 की तारीख तय की है। शिकायतकर्ता और अस्पताल प्रबंधन दोनों को
इलाज से जुड़े दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
गांव सांदल कलां निवासी अंकित ने शिकायत में बताया कि उसका
भाई मोंटी 16 सितंबर को कार्यालय के काम से सोनीपत आया था। इसी दौरान उसे डिहाइड्रेशन
की शिकायत हुई। तबीयत बिगड़ने पर उसके सहयोगी ने उसे सेक्टर-12 स्थित कलावती आनंद मित्तल
अस्पताल में भर्ती करवा दिया। परिजनों का आरोप है कि भर्ती होने के कुछ समय बाद ही
मोंटी की तबीयत सामान्य हो गई थी, लेकिन चिकित्सकों ने स्थिति गंभीर बताकर उसे तीन
दिन तक अस्पताल में रखा। इस दौरान उसे दौरे की दवाइयां भी दी गईं, जबकि उसे पहले कभी
दौरे की बीमारी नहीं रही।
परिजनों के अनुसार, अस्पताल की बेसमेंट स्थित प्रिसिजन डायग्नोस्टिक्स
लैब में 16 सितंबर को प्लेटलेट्स 42 हजार, 17 सितंबर को 31 हजार और 18 सितंबर को 19
हजार बताई गईं। शाम आई रिपोर्ट में यह संख्या 14 हजार बताई गई। इसके बाद प्लाज्मा चढ़ाने
की तैयारी की गई। परिजनों का कहना है कि मोंटी ने 18 सितंबर को लाल पैथ लैब में जांच
करवाई, जहां प्लेटलेट्स 1.50 लाख आईं। अगले दिन अस्पताल में दोबारा जांच कराने पर
55 हजार बताई गईं। इसके बाद उसी नमूने की हरि लैब में जांच करवाई गई, जहां प्लेटलेट्स
2.50 लाख मिलीं। इन अलग-अलग रिपोर्टों से परिजनों को अस्पताल की जांच प्रक्रिया पर
संदेह हुआ।
परिवार ने ईसीजी रिपोर्ट में गड़बड़ी और वर्ष 2025 की किसी
अन्य मरीज की पुरानी रिपोर्ट पर मोंटी का नाम लिखकर बिल बनाने का भी आरोप लगाया है।
परिजनों का कहना है कि छुट्टी मांगने पर उन्हें चिकित्सकीय सलाह के विरुद्ध अस्पताल
छोड़ने की प्रक्रिया (लामा) पूरी कराई गई और बाहर किसी अनहोनी की जिम्मेदारी अस्पताल
की नहीं होने की बात कही गई।
जिला मेडिकल बोर्ड के पत्र के अनुसार, 18 नवंबर को दोपहर नागरिक
अस्पताल सोनीपत के प्रधान चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, कमरा नंबर 201 में सुनवाई होगी।
शिकायतकर्ता को इलाज के सभी दस्तावेज, गवाह और सबूत लाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं
अस्पताल प्रबंधन को भी मरीज की पूरी चिकित्सा फाइल और दस्तावेजों की छायाप्रति के साथ
उपस्थित होना होगा।
बोर्ड में नागरिक अस्पताल के फिजिशियन डॉ. सैलेंद्र राणा,
जिला आयुष अधिकारी और आईएमए सोनीपत से जुड़े चिकित्सक को भी उपस्थित रहने के निर्देश
दिए गए हैं। अस्पताल प्रबंधन का पक्ष और उसकी ओर से प्रस्तुत रिकॉर्ड मिलने के बाद
आरोपों की जांच की जाएगी। फिलहाल मामले में मेडिकल बोर्ड की जांच के निष्कर्ष का इंतजार
है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

