सिरसा: पुलिस ने नशीली गोलियों की बड़ी खेप पकड़ी, दो गिरफ्तार
सिरसा, 10 जुलाई (हि.स.)। पुलिस ने जिले क्षेत्र से पार्सल से भेजी गई नशे की बड़ी खेप पकड़ी है। नशीली गोलियों की खेप पंजाब के बठिंडा से पिकअप में सिरसा पहुंचाई जा रही थी। पुलिस ने मुखबिर से मिली सूचना पर कार्रवाई करते हुए नशा तस्करी का भंडाफोड़ कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पकड़ी गई प्रतिबंधित गोलियों की कीमत करीब 75 लाख रुपये आकी गई है।
सिरसा के एसपी दीपक सहारण ने शुक्रवार को बताया कि मामले में फर्जी बिल और दस्तावेजों का भी खुलासा हुआ है। पुलिस पूरे नेटवर्क की कडिय़ां जोड़ी जा रही है। एसपी ने बताया कि पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान सिरसा के सांगवान चौक की ओर से पार्सलों से भरी एक पिकअप गाड़ी आती दिखाई दी। पुलिस ने गाड़ी को रोककर चालक से पूछताछ की। चालक की पहचान सिरसा निवासी राजपाल तथा भरत कुमार के रूप में हुई।
पूछताछ में भरत कुमार ने बताया कि बठिंडा की लॉटरी मार्केट में उसकी माईकल पार्सल सर्विस के नाम से दुकान है। वहां ग्राहक पार्सल जमा कराते हैं, जिन्हें वह पिकअप के माध्यम से सिरसा की एमसी मार्केट स्थित दुकान तक पहुंचाता है। पुलिस को पार्सलों पर संदेह होने पर औषधि नियंत्रक विभाग के इंस्पेक्टर सुनील कुमार को मौके पर बुलाया गया। जांच के दौरान 10 बॉक्स खोले गए, जिनमें से 3 लाख 6 हजार टैपेंटाडोल की नशीली गोलियां बरामद हुई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी कीमत करीब 75 लाख रुपए आंकी गई है।
पुलिस ने गाड़ी चालक से दवाइयों के लाइसेंस और अन्य आवश्यक दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद दोनों युवकों को बरामद दवाइयों सहित आगामी कार्रवाई के लिए ड्रग इंस्पेक्टर के हवाले कर दिया गया। जांच में संबंधित दवा कंपनी के बिलों और दवाइयों की पैकिंग में भी कई अनियमितताएं सामने आई। शुरुआती जांच में कंपनी के बिल फर्जी पाए गए, जिसके आधार पर थाना शहर सिरसा में धोखाधड़ी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि दवा कंपनी का रजिस्टर्ड पता चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में है, लेकिन स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला कि कंपनी करीब तीन महीने पहले ही वहां से कार्यालय खाली कर चुकी है। पुलिस कंपनी की भूमिका को भी संदेह के दायरे में रखकर हर पहलू की गहन जांच कर रही है। मामले का खुलासा करने के लिए सिरसा पुलिस लगातार बठिंडा व चंडीगढ़ में दबिश देकर छापेमारी कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

