home page

हिसार : खेल मैदान से आईटीआई तक नशे के खिलाफ पहुंची पुलिस, 13 पीड़ितों को उपचार से जोड़ा

 | 
हिसार : खेल मैदान से आईटीआई तक नशे के खिलाफ पहुंची पुलिस, 13 पीड़ितों को उपचार से जोड़ा


बिठमड़ा में खिलाड़ियों और सुरेवाला आईटीआई के 250 विद्यार्थियों को किया जागरूक

चौपाल और नुक्कड़ सभा में ग्रामीणों से किया सीधा संवाद

हिसार, 18 सितंबर (हि.स.)। नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान अब केवल नशा तस्करों

पर कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे की गिरफ्त में आए लोगों को उपचार और काउंसलिंग

से जोड़ने पर भी जोर दिया जा रहा है। इसी कड़ी में नशा मुक्ति टीम ने उकलाना क्षेत्र

के गांव बिठमड़ा और सुरेवाला में जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान जहां बिठमड़ा

की खेल नर्सरी में करीब 35 खिलाड़ियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया

गया, वहीं सुरेवाला स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के करीब 250 छात्र-छात्राओं

को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।

बिठमड़ा में खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए पुलिस टीम ने शुक्रवार काे कहा कि खेल युवाओं

को सकारात्मक दिशा देने का सशक्त माध्यम हैं। युवाओं से नशे से दूर रहकर पढ़ाई, खेल

और अपने भविष्य पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया गया। सुरेवाला आईटीआई में अनुदेशक

ईश्वर सिंह और नशा मुक्ति पुलिस टीम के सब इंस्पेक्टर हवा सिंह ने विद्यार्थियों को

नशे के नुकसान के साथ साइबर अपराध, महिला अपराध से बचाव और यातायात नियमों की जानकारी

दी। विद्यार्थियों को नशे के खिलाफ शपथ भी दिलाई गई।

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने नशे की गिरफ्त में आए लोगों को उपचार से जोड़ने

पर भी जोर दिया। तीन नए नशा पीड़ितों की पहचान कर उन्हें नागरिक अस्पताल हिसार से पहली

बार आयुर्वेदिक और एलोपैथिक दवाई दिलाई गई। सात नशा पीड़ितों को दूसरी बार दवाई उपलब्ध

कराने के साथ उनके ब्लड टेस्ट और काउंसलिंग करवाई गई। इसके अलावा तीन नशा पीड़ितों

के घर जाकर पहली बार आयुर्वेदिक दवाई उपलब्ध कराई गई। इस तरह कुल 13 नशा पीड़ितों को

उपचार और दवाई की सुविधा से जोड़ा गया। एसपी सिद्धांत जैन का कहना है कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की कार्रवाई

से नहीं, बल्कि परिवार, शिक्षण संस्थानों, खिलाड़ियों और पूरे समाज की सामूहिक भागीदारी

से सफल होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर