home page

नूंह:सम्मेलन में कांग्रेस को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर

 | 
नूंह:सम्मेलन में कांग्रेस को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर


नूंह, 06 सितंबर (हि.स.)। नूंह जिले के पिनगवां में रविवार को कांग्रेस ब्लॉक कमेटी की ओर से कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में हरियाणा कांग्रेस के नवनियुक्त प्रभारी संजय दत्त और हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस संगठन को ब्लॉक स्तर से लेकर बूथ स्तर तक मजबूत और सक्रिय किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करने तथा उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, महंगाई और कानून-व्यवस्था सहित जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर कार्यकर्ताओं को जनता के बीच मजबूती से अपनी बात रखनी चाहिए। उन्होंने पिनगवां में कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी को संगठन की मजबूती का संकेत बताया।

हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि कांग्रेस की ताकत उसके जमीनी और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी समय में बूथ स्तर पर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों के साथ-साथ महिलाओं के अधिकार और सुरक्षा के विषयों को भी प्रमुखता से उठाने की बात कही।

संजय दत्त ने कहा कि मेवात की धरती से उठने वाली बदलाव की आवाज को पूरे हरियाणा तक पहुंचाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना होगा।

सम्मेलन में कांग्रेस के स्थानीय पदाधिकारी, कार्यकर्ता और विभिन्न स्तरों के नेता मौजूद रहे। इस दौरान संगठन को मजबूत करने, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर रणनीति पर चर्चा की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया