home page

कैथल: वोट बचाओ-लोकतंत्र बचाओ रैली के लिए कांग्रेस ने भरी हुंकार, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग

 | 
कैथल: वोट बचाओ-लोकतंत्र बचाओ रैली के लिए कांग्रेस ने भरी हुंकार, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग


कैथल, 26 अक्टूबर (हि.स.)। वोट चोरी के आरोपों और मतदाता सूचियों में कथित गड़बड़ियों के विरोध में कांग्रेस ने एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली ‘वोट बचाओ-लोकतंत्र बचाओ’ महारैली को सफल बनाने के लिए कमर कस ली है। सोमवार को किसान भवन में आयोजित जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक में एआईसीसी ऑब्जर्वर अनिल चौधरी, जिला प्रभारी बृजेन्द्र सिंह, कैथल विधायक आदित्य सुरजेवाला और जिलाध्यक्ष रामचन्द्र गुर्जर ढाँड ने कार्यकर्ताओं व आमजन से रैली में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया। इस दौरान नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी उठाई।एआईसीसी ऑब्जर्वर अनिल चौधरी ने आरोप लगाया कि देश में मतदाता सूचियों से नाम काटे जा रहे हैं और चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में होने वाली यह महारैली लोकतंत्र की रक्षा के लिए निर्णायक आवाज बनेगी। हरियाणा के सभी जिलों से लोग इसमें भाग लेंगे।जिला प्रभारी पूर्व सांसद ब्रृजेंद्र सिंह ने भाजपा सरकार पर चुनाव आयोग का इस्तेमाल अपने राजनीतिक हितों के लिए करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं को दूर करने और चुनाव आयोग की विश्वसनीयता बहाल करने की जरूरत है। कांग्रेस इस मुद्दे पर अपना संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने कैथल के कार्यकर्ताओं और आमजन से 1 नवंबर को दिल्ली पहुंचकर रैली को सफल बनाने की अपील की।वोट का अधिकार बचाने की लड़ाई : आदित्य सुरजेवालाकैथल विधायक आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि वोट प्रत्येक नागरिक का सबसे महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक अधिकार है और इसकी रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने किसानों, युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों से महारैली में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने देशभर में वोट चोरी के खिलाफ आवाज उठाने का आह्वान किया है। कैथल सहित हरियाणा के लोग बड़ी संख्या में दिल्ली पहुंचकर लोकतंत्र की रक्षा का संदेश देंगे। जिलाध्यक्ष रामचन्द्र गुर्जर ढाँड ने कहा कि जिला कांग्रेस कमेटी महारैली की तैयारियों में जुटी है। जिले के विभिन्न ब्लॉकों और गांवों से कार्यकर्ताओं को दिल्ली ले जाने की व्यवस्था की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे