एचकेआरएन काे भंग करने व युवाओं काे स्थाई नाैकरी पर मांग पर कांग्रेस ने दिया धरना
-नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा व कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र ने किया नेतृत्वचंडीगढ़, 19 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा सरकार द्वारा चलाए जा रहे हरियाणा कौशल रोजगार निगम को बंद करने तथा इसके माध्यम से अब तक भर्ती हुए कर्मचारियों की वेतन वृद्धि की मांग को लेकर बुधवार को हरियाणा कांग्रेस सडक़ों पर उतरी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में पंचकूला स्थित एचकेआरएन मुख्यालय के बाहर कांग्रेस ने कई घंटे तक नारेबाजी करते हुए धरना दिया। इस धरने में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा समेत कई सांसद और विधायक पहुंचे। दिल्ली बैठक का हवाला देते हुए रणदीप सिंह सुरजेवाला तथा कुमारी सैलजा धरने में शामिल नहीं हुई।
धरने को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि हरियाणा के युवाओं ने मेहनत और योग्यता के बल पर रोजगार हासिल किया है, लेकिन भाजपा सरकार ने रोजगार की स्थायी व्यवस्था करने के बजाय युवाओं को अस्थायी रोजगार के चक्र में फंसा दिया है।
उन्होंने कहा कि सरकार 2024 के अपने संकल्प पत्र में करीब 1.20 लाख रोजगार देने का दावा करती है, लेकिन रोजगार के आंकड़ों की वास्तविकता सरकार के दावों पर गंभीर सवाल खड़े करती है। फरवरी 2026 तक करीब 14.63 लाख युवाओं ने एचकेआरएन में पंजीकरण कराया, जबकि केवल 1.13 लाख लोगों को तैनाती मिली। इनमें 97,051 पहले से कार्यरत कर्मचारी शामिल हैं। ऐसे में सरकार द्वारा बताए जा रहे रोजगार के आंकड़ों में नए रोजगार की वास्तविक संख्या बेहद कम है।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि वर्ष 2024 में नई तैनाती का आंकड़ा महज 7,367, वर्ष 2025 में 1,034 और वर्ष 2026 में अब तक केवल 66 लोगों की तैनाती हुई है। इन आंकड़ों से साफ है कि लाखों पंजीकृत युवाओं के बावजूद सरकार रोजगार देने में पूरी तरह विफल रही है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को स्थायी रोजगार और सम्मानजनक भविष्य देना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस की मांग है कि एचकेआरएन को तुरंत प्रभाव से भंग किया जाए और जो कर्मचारी पहले से भर्ती हैं, उन्हें नियमित कर्मचारियों की तर्ज पर जॉब सिक्योरिटी देते हुए वेतन वृद्धि और भत्तों का लाभ दिया जाए।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं धरना कार्यक्रम के संयोजक अशोक अरोड़ा ने कहा कि एचकेआरएन कर्मचारियों की समस्याएं केवल कर्मचारियों की नहीं बल्कि प्रदेश के लाखों परिवारों के भविष्य से जुड़ा विषय हैं। इस मुद्दे को विधानसभा में भी उठाया जाएगा। धरने को कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा, वरुण मुलाना, सतपाल ब्रह्मचारी, राज्य सभा सांसद कर्मवीर बोद्ध, हरियाणा कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष चौधरी बीरेंद्र सिंह तथा चौधरी उदय भान, विधायक बी. बी. बत्रा, गीता भुक्कल, चौधरी आफताब अहमद तथा आदित्य सुरजेवाला ने भी संबोधित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

