home page

मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग, पुलिस ने चलाई वाटर कैनन

 | 
मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग, पुलिस ने चलाई वाटर कैनन


चंडीगढ़, 25 सितंबर (हि.स.)। कांग्रेस ने देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर सेक्टर-17 में प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता सेक्टर-17 परेड ग्राउंड पर एकत्रित हुए। इसके बाद प्रदर्शनकारी मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा का घेराव करने के लिए आगे बढ़े तो पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने पानी की बौछार की, जिसके बाद पुलिस ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया और सेक्टर-17 पुलिस थाने लाया गया।

शुक्रवार को हरियाणा प्रभारी संजय दत्त और प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देश के मुख्य चुनाव आयुक्त को हटाने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस ने ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में लिए गए चुनाव संबंधी फैसलों, मतदाता सूचियों में हुए बदलाव और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष समीक्षा कराने की मांग की।

हरियाणा प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि मतदाता का वोट लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण ताकत है। मतदाता सूची से जुड़े किसी भी निर्णय में पारदर्शिता और जवाबदेही आवश्यक है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और मतदाता का अधिकार सर्वोपरि है। ज्ञानेश कुमार के कार्यकाल में लिए गए सभी महत्वपूर्ण चुनावी फैसलों, मतदाता सूचियों में किए गए बदलावों और एसआईआर प्रक्रिया की स्वतंत्र समीक्षा होनी चाहिए।

पूर्व सीएम और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का समाधान पारदर्शी तरीके से होना चाहिए और मतदाताओं के अधिकारों की पूरी सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बीरेंद्र सिंह ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता कायम रहनी चाहिए और प्रत्येक सवाल का तथ्यों के आधार पर समाधान होना चाहिए।

पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर ने कहा कि किसी पात्र मतदाता का नाम बिना उचित प्रक्रिया के नहीं हटना चाहिए, जबकि बृजेंद्र सिंह ने चुनाव आयोग से जुड़े सवालों पर जवाबदेही तय करने और शिकायतों की निष्पक्ष जांच की मांग की। सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि नए और युवा मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा तथा नाम जोडऩे-हटाने की प्रक्रिया में पारदर्शिता आवश्यक है।

इस अवसर पर विधायक अशोक अरोड़ा, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष उदयभान, राज्यसभा सांसद कर्मवीर बौद्ध, सांसद जयप्रकाश, सतपाल ब्रह्मचारी, वरुण मुलाना, विधायक आदित्य सुरजेवाला, आफताब अहमद, बलवान दौलतपुरिया, पूजा मुलाना, राजवीर, विकास, बलराम डांगी, नरेश सेलवाल, निर्मल सिंह, प्रो. वरिंदर सिंह, करण दलाल, पर्ल चौधरी, संजीव भारद्वाज, सुधा भारद्वाज सहित कांग्रेस के जिला व ब्लॉक अध्यक्ष सहित कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा