जिला अध्यक्षों के कार्य का मूल्यांकन करेगी कांग्रेस
चंडीगढ़, 25 मई (हि.स.)। हरियाणा कांग्रेस अब जिला अध्यक्षों की कार्यप्रणाली का मूल्यांकन करेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में 26 और 27 मई को चंडीगढ़ स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में जिला कांग्रेस कमेटियों (डीसीसी) के अध्यक्षों की बड़ी समीक्षा बैठक आयोजित होगी। इस बैठक को कांग्रेस के ‘संगठन सृजन अभियान’ का अहम चरण माना जा रहा है, जिसमें जिलाध्यक्षों के कामकाज, बूथ स्तर की सक्रियता और संगठन विस्तार की प्रगति का आकलन किया जाएगा।
इस दौरान हरियाणा में हो रहे एसआईआर को लेकर भी चर्चा होगी और इसके लिए रणनीति तय की जाएगी। लगातार राजनीतिक हमलों और चुनावी चुनौतियों के बीच कांग्रेस अब हरियाणा में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के मिशन में दिखाई दे रही है। दो दिनों तक चलने वाला यह मंथन साफ संकेत दे रहा है कि पार्टी अब केवल बयानबाजी नहीं, बल्कि बूथ और कार्यकर्ता आधारित राजनीति पर फोकस बढ़ाने जा रही है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार 26 मई को सुबह 10 बजे से लेकर शाम 7 बजे तक 24 जिला कांग्रेस अध्यक्षों की समीक्षा होगी, जबकि 27 मई को पंचकूला, पानीपत, यमुनानगर, फतेहाबाद, हिसार और सिरसा समेत बाकी जिलों के अध्यक्षों के साथ बैठक होगी। प्रत्येक जिलाध्यक्ष को तय समय स्लॉट दिया गया है, जिसमें उनसे संगठन की गतिविधियों, सदस्यता अभियान, बूथ प्रबंधन और जनता के बीच पार्टी की मौजूदगी पर रिपोर्ट मांगी जाएगी। बैठकों में कांग्रेस कार्यसमिति के विशेष आमंत्रित सदस्य चला वामशी चंद रेड्डी भी शामिल होंगे और जिलाध्यक्षों से व्यक्तिगत रूप से चर्चा करेंगे। पार्टी सूत्रों के मुताबिक यह सिर्फ औपचारिक बैठक नहीं होगी, बल्कि जमीनी सक्रियता की गंभीर समीक्षा मानी जा रही है।
इसी बीच प्रदेश कांग्रेस ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर भी बड़ा प्रशिक्षण कार्यक्रम बुलाया है। 27 मई को सुबह 11:30 बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में राज्य स्तरीय कार्रवाई एवं निगरानी समिति तथा सभी बीएलए-। पदाधिकारियों की बैठक और प्रशिक्षण शिविर आयोजित होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

