सोनीपत में पूर्व डिप्टी मेयर कांग्रेस छोड़ भाजपा में हुए शामिल
सोनीपत, 05 मई (हि.स.)। सोनीपत
की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला जब कांग्रेस के पूर्व डिप्टी मेयर मनजीत गहलावत,
पूर्व पार्षद नीतू मलिक और गैस एजेंसी संचालक राजेश दहिया ने मुख्यमंत्री नायब सिंह
सैनी की उपस्थित में सोमवार देर सांय भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ले ली। इस घटनाक्रम
को शहर की राजनीति में अहम माना जा रहा है, जहां लंबे समय से टिकट वितरण और संगठन को
लेकर चल रहे विवाद अब खुलकर सामने आ गए हैं।
मंगलवार
को मनजीत गहलावत ने बताया कि उपचुनाव के दौरान उन पर और कई पार्षदों पर भीतरघात के
आरोप लगाए गए थे। नगर निगम चुनाव में उन्होंने पार्षद टिकट की दावेदारी भी की थी। शुरुआत
में उनका नाम सूची में होने की चर्चा रही, लेकिन बाद में नाम हटने पर स्थानीय नेताओं
की टिकट कटवाने का आरोप कमल दीवान पर लगाया गया।
उन्होंने
कहा कि वे नई और पुरानी कांग्रेस के बीच फंसे रहे। उनका आरोप है कि भूपेंद्र सिंह हुड्डा
संगठन मजबूत करने के पक्ष में नहीं हैं और उन्हें यह भी स्पष्ट नहीं कि संगठन में किसे
जिम्मेदारी मिलनी चाहिए। विचारधारा के मुद्दे पर गहलावत ने कहा कि कमल दीवान से उनकी
सोच नौ महीने पहले भी नहीं मिलती थी और आगे भी नहीं मिलेगी।
टिकट
बेचने के आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि जयवीर आंतिल और कमल दीवान ने सभी 22 वार्ड
की टिकट लगभग 15 लाख रुपये प्रति वार्ड के हिसाब से बेचने की योजना बनाई। उनका दावा
है कि जिताऊ उम्मीदवारों की अनदेखी की गई और पुराने कार्यकर्ताओं को किनारे कर दिया
गया। 20 से 25 साल से जुड़े कार्यकर्ताओं को टिकट नहीं दिया गया, जबकि दूसरी पार्टी
से आए लोगों को मौका मिला। इससे कांग्रेस संगठन कमजोर हो रहा है। इस मौके पर सोनीपत
विधायक निखिल मदान भी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

