home page

हिसार : जान जोखिम में डालकर शहर को स्वच्छ रखने वालों को हक व सम्मान दे सरकार : बृजलाल बहबलपुरिया

 | 
हिसार : जान जोखिम में डालकर शहर को स्वच्छ रखने वालों को हक व सम्मान दे सरकार : बृजलाल बहबलपुरिया


सफाई कर्मचारियों के समर्थन में कांग्रेस, सरकार से तत्काल समाधान की मांग

सफाई व फायर कर्मचारियों की आवाज दबाने के बजाय बातचीत से निकाले समाधान

हिसार, 17 अगस्त (हि.स.)। नगर निगम के सफाई एवं सीवर कर्मचारियों की विभिन्न

मांगों पर जारी संघर्ष के बीच जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बृजलाल बहबलपुरिया साेमवार काे इन कर्मचारियों

के बीच पहुंचे और कांग्रेस पार्टी की ओर से उनके आंदोलन को पूर्ण समर्थन दिया। उन्होंने

हड़तालरत अग्निशमन कर्मचारियों से भी मुलाकात कर उनकी मांगों का समर्थन किया।

बृजलाल बहबलपुरिया ने कहा कि सफाई कर्मचारी शहर की सफाई व्यवस्था की रीढ़ हैं। वे

रोजाना गंदगी, सीवर और जोखिम भरे हालात में काम करते हुए अपनी जान और स्वास्थ्य तक

दांव पर लगाते हैं। इसके बावजूद उनकी जायज मांगों की अनदेखी करना दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मांगों में वेतन बढ़ोतरी, योग्य सफाई कर्मचारियों को

पदोन्नति, आवश्यक अवकाश सुविधाएं, ड्यूटी के दौरान मृत्यु होने पर 20 लाख रुपये की

आर्थिक सहायता तथा सफाई एवं सीवर कर्मचारियों का 50 लाख रुपये का बीमा शामिल है। सरकार

को इन मांगों पर गंभीरता से विचार कर तत्काल समाधान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हिसार

में जगह-जगह कूड़े के ढेर और गंदगी दिखाई दे रही है, लेकिन इसके लिए सफाई कर्मचारियों

को जिम्मेदार ठहराना गलत है। सरकार और प्रशासन को कर्मचारियों को पर्याप्त संसाधन व

सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि

कर्मचारियों की आवाज दबाने के बजाय सरकार बातचीत का रास्ता अपनाए।

फायर कर्मचारियों की मांगों का समर्थन करते हुए बहबलपुरिया ने कहा कि आगजनी

और आपदा के समय अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों की जान-माल बचाने वाले कर्मचारियों

की मांगों को भी गंभीरता से लिया जाना चाहिए। कांग्रेस कर्मचारी वर्ग के अधिकारों और

सम्मान की लड़ाई में उनके साथ मजबूती से खड़ी है। इस अवसर पर एआईसीसी सदस्य राजेश संदलाना, रणधीर सिंह बामल, सुभाष प्रजापति,

टेक चंद बागड़ी, सुरेश पंघाल लाडवा, रमेश चाहर, विनोद लॉयल, सतीश भाटिया, गौरव बख्शी

सहित कांग्रेस कार्यकर्ता एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर