home page

हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष को हाईकोर्ट से मिली राहत

 | 

-नारनौल कोर्ट में चल रहे सीडी कांड केस की सुनवाई पर रोक

चंडीगढ़, 02 अप्रैल (हि.स.)। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने नारनौल की जिला अदालत में हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के खिलाफ चल रहे कथित सीडी कांड मामले की कार्यवाही पर रोक लगा दी है। इससे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को राहत मिली है। यह मामला गुरुवार को नारनौल की अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश हर्षाली चौधरी की अदालत में सूचीबद्ध था।

इस मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) गुरुग्राम की ओर से अदालत में चार्जशीट दाखिल की गई थी। चार्जशीट को हाईकोर्ट में चुनौती दी गई थी, जिस पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने ट्रायल कोर्ट की आगे की कार्यवाही पर रोक लगा दी।

यह मामला पलवल की 30 एकड़ जमीन के सीएलयू (चेंज ऑफ लैंड यूज) के बदले कथित तौर पर पैसों की मांग से जुड़े स्टिंग ऑपरेशन से संबंधित है। वर्ष 2013 में धर्मेंद्र नामक व्यक्ति ने इस मामले में स्टिंग ऑपरेशन किया था। बाद में वर्ष 2016 में इस संबंध में एफआईआर दर्ज की गई थी। इनेलो नेता रामपाल माजरा ने इस मामले की शिकायत लोकायुक्त को भी दी थी। कुछ समय पहले इनेलो द्वारा चंडीगढ़ में इस मामले से जुड़ी सीडी भी जारी की गई थी और इस पर पत्रकार वार्ता भी की गई थी।

राव नरेंद्र सिंह के वकील ओपी यादव ने बताया कि चार्जशीट को हाईकोर्ट में चुनौती दी गई थी, जिस पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने नारनौल की ट्रायल कोर्ट में चल रही कार्यवाही पर फिलहाल रोक लगा दी है। मामले की अगली सुनवाई हाईकोर्ट में होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा