जींद : बीएलओ का साया बन कर सर्वे पर नजर रखें कार्यकर्ता : जितेंद्र बघेल
जींद, 06 जून (हि.स.)। हरियाणा कांग्रेस सहप्रभारी जितेंद्र बघेल ने कहा कि यह बात जग जाहिर हो चुकी है कि भाजपा सरकार किस तरीके से वोट चुराने का कार्य करती है। भाजपा के लोकतंत्र को रौंदने के इस अभियान को लेकर देश के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आह्वान किया है कि पार्टी का प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता गांव और शहरों में हर गलीए हर घर पहुंच कर कर प्रबुद्ध जनता में एसआईआर को लेकर जागरूकता की अलख जगाए।
हरियाणा कांग्रेस सहप्रभारी जितेंद्र बघेल एसआईआर को लेकर शनिवार को कांग्रेस जिला मुख्यालय पर जिला प्रधान रिषिपाल हैबतपुर की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। सहप्रभारी जितेंद्र बघेल ने कहा कि भाजपा की ओच्छी सोच से निपटने के लिए लोगों को अपने हितों के प्रति जागरूक होना होगा। हर बूथ पर पार्टी के एजेंट बीएलओं की कार्रवाई पर विशेष नजर रखे और फर्जी वोट जुडऩे ना दें तथा सही वोट कटने ना दें। इस अवसर पर सोनीपत सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि भाजपा सरकार सत्ता के लिए लोकतंत्र का गला घोट रही है। इसलिए जिन-जिन राज्यों में चुनाव हो रहे हैं, वहां वोट चोरी कर सत्ता में आ रही है।
भाजपा के इस छलावे से बचने के लिए लोगों को जागरूक होना होगा। इसलिए 15 जून से 14 जुलाई तक जो सर्वे चलेगा उस पर पार्टी का हर कार्यकर्ता भोलेभाले और सही लोगों की वोट को कटने ना दें। एसआईआर के मसले में बनाए गए जिला इंचार्ज धर्मबीर गोयत ने कहा कि जो मतदाता सूची बनाई गई है, उसमें विधानसभा स्तर पर 10 से 15 हजार के बीच फर्जी वोट बनाए गए हैं। इसलिए फर्जी वोटो को सूची से हटवाने और सही मतदाताओं की वोट बचाने के लिए जिलेभर में कांग्रेस का कार्यकर्ता अहम भूमिका निभाएगा।
कांग्रेस जिला प्रधान रिषिपाल हैबतपुर ने हरियाणा कांग्रेस सहप्रभारी जितेंद्र बघेल को भरोसा दिलाया कि जींद जिले का प्रत्येक कार्यकर्ता अपने कर्तव्यको पूरी शिद्दत से निभाते हुए भाजपा की कुचाल का मूंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार हो चुका है। जिले के तमाम विधानसभा क्षेत्रों में पदाधिकारियों ने डयूटी संभाल ली है। हर बूथ पर पार्टी के कार्यकर्ता एजेंट बन कर सर्वे करने वाले बीएलओ के साथ सायां बनकर साथ-साथ चलेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

