पानीपत: कांग्रेस पार्टी एक टूटे तांगे की तरह : शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा
पानीपत, 21 जनवरी (हि.स.)। शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने राहुल गांधी के कुरुक्षेत्र दौरे और प्रदेश कांग्रेस में गुटबाजी पर कहा कि कांग्रेस 'टूटे हुए तांगे' की तरह है। जिस पार्टी के नेताओं की विचारधार की अलग अलग हो वह जनता का भला क्या करेगी। वे बुधवार को पार्टी कार्यालय 'श्याम कमल' में आयोजित एक कार्यक्रम में बाेल रहे थे।
उन्होंने कहा कांग्रेस की हालत उस टूटे हुए तांगे जैसी हो गई है, जिसमें 10 घोड़े तो लगे हैं, लेकिन हर घोड़ा उस तांगे को अपनी-अपनी दिशा में खींच रहा है। कोई पूरब भाग रहा है तो कोई पश्चिम। जब खींचने वाले ही अलग-अलग दिशाओं में जोर लगाएंगे, तो वह तांगा आगे बढ़ने के बजाय वहीं बिखर जाएगा। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के बयानों पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि जो लोग भाजपा को 'इवेंट मैनेजमेंट' की सरकार कहते हैं, उन्हें अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। कांग्रेस की सरकार 'लूट-खसोट' और 'प्रॉपर्टी डीलिंग' की दुकान थी। उन्होंने राहुल गांधी के दौरों को महज एक राजनीतिक ढोंग करार देते हुए कहा कि जनता अब इनके झांसे में आने वाली नहीं है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

