home page

कांग्रेस ने अंबाला व सोनीपत निगमों में प्रत्याशी उतारे

 | 

चंडीगढ़, 18 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा में 10 मई को होने वाले निकाय चुनाव के लिए 21 अप्रैल से नामांकन प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। कांग्रेस ने तीन नगर निगमों में से दो के लिए शनिवार को प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर दिया है।कांग्रेस कमेटी ने अंबाला तथा सोनीपत नगर निगम चुनावों के लिए मेयर पद के प्रत्याशियों की औपचारिक घोषणा कर दी है। अंबाला नगर निगम का मेयर पद बीसी (बी) महिला वर्ग के लिए आरक्षित है, जबकि सोनीपत नगर निगम की सीट सामान्य श्रेणी के अंतर्गत आती है।

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने चंडीगढ़ में बताया कि अंबाला नगर निगम के लिए कुलविंद्र कौर (धर्मपत्नी कृपाल सिंह सैनी) तथा सोनीपत नगर निगम के लिए जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी) के अध्यक्ष कमल दीवान को पार्टी का अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया गया है।

राव नरेंद्र सिंह ने आगे कहा कि कमल दीवान के पिता स्वर्गीय देवराज दीवान सोनीपत से विधायक रह चुके हैं और क्षेत्र में उनकी मजबूत जन पकड़ तथा जनसेवा का लंबा अनुभव रहा है। इसी प्रकार कुलविंदर कौर का परिवार भी शहर का एक सम्मानित एवं प्रतिष्ठित परिवार है, जो सदैव स्थानीय लोगों के सुख-दुख में सहभागी रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि पंचकूला नगर निगम के मेयर पद के प्रत्याशी की घोषणा भी शीघ्र ही कर दी जाएगी। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे पार्टी प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरे उत्साह, समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ चुनाव अभियान में जुटें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा