हिसार : गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय में इंटीग्रेटेड बीसीए-एमसीए की प्रवेश परीक्षा का आयाेजन
हिसार, 26 जून (हि.स.)। यहां के गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय
के शिक्षण खंड-7 में शुक्रवार को इंटीग्रेटेड बीसीए-एमसीए पाठ्यक्रम में दाखिले के
लिए प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने
परीक्षा संचालन का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि प्रवेश परीक्षा का आयोजन पूरी
पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ किया गया। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा परीक्षा
के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पहले से ही सुनिश्चित की गई थी। उन्होंने
कहा कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों एवं उनके अभिभावकों में विशेष उत्साह देखने को
मिला।
विभागाध्यक्ष प्रो. ओपी सांगवान ने
शुक्रवार काे बताया कि इंटीग्रेटेड बीसीए-एमसीए कार्यक्रम की कुल 180 सीटों के लिए प्रवेश परीक्षा
का आयोजन किया गया। इस पाठ्यक्रम में दाखिले के लिए 547 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया
था, जिनमें से 359 अभ्यर्थी प्रवेश परीक्षा में उपस्थित हुए। उन्होंने बताया कि बीसीए-एमसीए
में दाखिले के लिए प्रथम काउंसलिंग का आयोजन 2 जुलाई को विश्वविद्यालय के शिक्षण खंड-6
में किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान परीक्षा नियंत्रक प्रो. यशपाल सिंगला भी उनके साथ
उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

