सोनीपत पुलिस ने आपात स्थिति से निपटने को करी मॉक ड्रिल
सोनीपत, 17 अगस्त (हि.स.)। पुलिस ने सोमवार को शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आपात स्थिति से निपटने
की तैयारियों को परखने के लिए विशेष मॉक ड्रिल की। पुलिस कमिश्नर ममता सिंह के मार्गदर्शन
में आयोजित अभ्यास का जायजा लेने डीसीपी पूर्वी जोन मेधा भूषण मौके पर पहुंचीं। उन्होंने
दंगा-रोधक दस्तों की तैयारियों और सुरक्षा उपकरणों के इस्तेमाल का निरीक्षण किया।
मॉक
ड्रिल के दौरान पुलिसकर्मियों ने भीड़ को नियंत्रित करने, उपद्रवी तत्वों से निपटने,
संवेदनशील परिस्थितियों में तुरंत कार्रवाई करने और विभिन्न टीमों के बीच तालमेल का
अभ्यास किया। अधिकारियों ने मौके पर पुलिस बल की तत्परता और आपसी समन्वय को भी परखा।
डीसीपी
मेधा भूषण के साथ साइबर एसीपी राजदीप मोर और गोहाना एसीपी संदीप धनखड़ भी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने अभ्यास के दौरान सामने आई कमियों का जायजा लिया और उन्हें तुरंत दूर
करने के निर्देश दिए। पुलिस कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान संयम, सतर्कता और बेहतर
तालमेल बनाए रखने को कहा गया। डीसीपी
मेधा भूषण ने कहा कि ऐसे अभ्यास का उद्देश्य पुलिसकर्मियों को किसी भी अप्रत्याशित
स्थिति से निपटने के लिए मानसिक और व्यावहारिक रूप से तैयार रखना है। उन्होंने कहा
कि नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। सोनीपत पुलिस के अनुसार, पुलिस की
त्वरित प्रतिक्रिया और बेहतर तैयारी सुनिश्चित करने के लिए भविष्य में भी इस तरह के
अभ्यास किए जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

