home page

लंबित मांगों को लेकर 11 जून को शिक्षा मंत्री आवास का घेराव करेंगे कंप्यूटर लैब अटेंडेंट

 | 

चंडीगढ़, 04 जून (हि.स.)। प्रदेश भर के सरकारी स्कूलों में कार्यरत कंप्यूटर लैब अटेंडेंटों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर 11 जून को शिक्षा मंत्री के पानीपत स्थित निवास पर जोरदार प्रदर्शन करने की घोषणा की है। यह निर्णय कंप्यूटर लैब अटेंडेंट वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक में लिया गया।

एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष करमजीत संधू ने गुरुवार को बताया कि कंप्यूटर लैब अटेंडेंट पिछले 14 वर्षों से अधिक समय से प्रदेश के सरकारी स्कूलों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उन्हें वर्तमान में मात्र 12 हजार रुपये मासिक वेतन दिया जा रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कर्मचारियों को केवल साढ़े दस माह का वेतन मिलता है, जबकि गर्मी और सर्दी की छुट्टियों का वेतन काट लिया जाता है।

प्रदेश महासचिव मनोज अग्रवाल ने कहा कि वर्ष 2024 में लागू हरियाणा सर्विस सिक्योरिटी एक्ट के तहत कच्चे कर्मचारियों को 58 वर्ष तक सेवा सुरक्षा देने का प्रावधान किया गया था। उन्होंने दावा किया कि कंप्यूटर लैब अटेंडेंट इस योजना के पात्र हैं, लेकिन अधिकारियों की ओर से ओटीपी जारी नहीं किए जाने के कारण वे सर्विस सिक्योरिटी पोर्टल पर आवेदन नहीं कर सके।

आवेदन की अंतिम तिथि 15 अप्रैल 2026 थी, जो अब समाप्त हो चुकी है।

कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में सर्विस सिक्योरिटी पोर्टल पर आवेदन की तिथि बढ़ाना, ओटीपी जारी कर आवेदन करवाना, सम्मानजनक वेतन वृद्धि, गर्मी और सर्दी की छुट्टियों का वेतन भुगतान तथा समय पर वेतन जारी करना शामिल है। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कंप्यूटर लैब अटेंडेंट 11 जून को पानीपत पहुंचकर सरकार के समक्ष अपनी मांगें रखेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा