home page

सिंगापुर व स्वीडन की कंपनियां हरियाणा में करेंगे उद्योगों का विस्तार

 | 
सिंगापुर व स्वीडन की कंपनियां हरियाणा में करेंगे उद्योगों का विस्तार


-मुख्यमंत्री ने सरकार के दो साल पूरे होने पर जारी किया रिपोर्ट कार्ड

-दोनों देशों से मिला 9500 करोड़ का विदेशी पूंजी निवेश

चंडीगढ़, 17 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने ऐलान किया है कि सिंगापुर व स्वीडन की कंपनियों द्वारा हरियाणा में अपने उद्योगों का विस्तार किया जाएगा। दोनों देशों से करीब 9500 करोड़ रुपये के पूंजी निवेश पर सहमति बनी है।

शनिवार को स्वीडन दौरे से लौटे मुख्यमंत्री नायब सैनी ने हरियाणा सरकार के दो साल पूरे होने पर चंडीगढ़ में मीडिया से बातचीत में रिपोर्ट कार्ड जारी किया। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बताया कि वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने कुल 217 चुनावी वादे किए थे। जिनमें से 76 को पूरा किया जा चुका है। 141 संकल्पों पर कार्य चल रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि स्वीडन दौरे के दौरान हुई बैठकों के माध्यम से चार हजार करोड़ के निवेश के लिए सहमति बनी है। इससे प्रदेश में 11 हजार से अधिक नए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इससे पहले सिंगापुरा दौरे के दौरान 5500 करोड़ रुपये के पूंजी निवेश पर सहमति बनी है। जिसके तहत स्वास्थ्य वेलनैस में तीन हजार, जल उपचार व प्रबंधन में 1500 करोड़, शिक्षा के क्षेत्र में एक हजार करोड़ का निवेश होगा। विदेशी कंपनियों द्वारा पंचकूला, करनाल, हिसार,सोनीपत व रोहतक को ग्लोबल कैपेबिल्टिी सेंटर व तकनीक आधारित कारोबार केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है।

उन्होंने कहा कि अप्रैल 2027 में आयोजित होने वाले हैपनिंग हरियाणा ग्लोबल इनवेस्टर मीट के लिए विदेशी उद्यमियों को आमंत्रित किया गया है। मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने सत्ता में आने पर प्रदेश में दस आईएमटी की स्थापना का ऐलान किया था। जिसके तहत वर्तमान में अंबाला, नारायगढ़, जींद, रेवाड़ी, फरीदाबाद व पलवल में आईएमटी की स्थापना के लिए जमीन चिन्हित करने का काम शुरू हो गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा