सिरसा: गेहूं काटने आए कंबाइन चालक की दौरा पडऩे से मौत
सिरसा, 11 अप्रैल (हि.स.)। सिरसा जिले के गांव नुहियांवाली में कंबाइन लेकर गेहूं काटने आए एक युवक की दौरा पडऩे से मौत हो गई। सूचना के बाद ओढां पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में भिजवाया, जहां शनिवार को पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। गांव सालमखेड़ा निवासी संदीप कुमार कंबाइन लेकर गांव नुहियांवाली में गेहूं की कटाई करने आया हुआ था। संदीप जब खेत में चाय पी रहा था तो उसी दौरान उसे दिल का दौरा पड़ गया। वहां पर मौजूद किसान उसे ओढां अस्पताल में ले गए, जहां संदीप को मृत घोषित कर दिया गया।
महिला सहित दो नशा तस्कर गिरफ्तार
स्थानीय पुलिस ने सिरसा जिले क्षेत्र से महिला सहित दो आरोपियों को काबू किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 ग्राम हेरोइन बरामद की है। एएनसी प्रभारी रणजोध सिंह ने बताया कि पुलिस टीम गश्त के दौरान गांव मसीता से गांव अबूबशहर रोड की ओर जा रही थी। गांव मसीता के बाहर फिरनी के पास पहुंचे तो वहां एक युवक खड़ा दिखाई दिया जो पुलिस टीम को देखकर खिसकने की कोशिश करने लगा। पुलिस टीम ने शक के आधार पर युवक को काबू कर तलाशी ली तो उसके कब्जे से हेरोइन बरामद हुई। आरोपी की पहचान निर्मल सिंह के रुप में हुई। वहीं, पुलिस ने कालांवाली शहर क्षेत्र से एक महिला को आठ ग्राम हेरोइन सहित काबू किया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में मामला दर्ज किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

