home page

प्रदेश में कॉलेज दाखिले की अंतिम तिथि 15 सितंबर तक बढ़ी : महीपाल ढांडा

 | 

चंडीगढ़, 02 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने प्रदेश के विद्यार्थियों को बड़ी राहत देते हुए स्नातक प्रथम वर्ष की सेंट्रलाइज़्ड ऑनलाइन एडमिशन प्रक्रिया की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 15 सितंबर 2026 करने का निर्णय लिया है। शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने बुधवार काे बताया कि विभाग को विभिन्न कॉलेजों, जनप्रतिनिधियों और विद्यार्थियों की ओर से प्रवेश पोर्टल को पुनः खोलने तथा तिथि बढ़ाने के अनेक अनुरोध प्राप्त हो रहे थे। कई विद्यार्थी तकनीकी कारणों या अन्य वजहों से समय पर आवेदन नहीं कर पाए थे। युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और शिक्षा के समान अवसरों को ध्यान में रखते हुए सरकार ने यह जनहितैषी कदम उठाया है।

जारी आदेशों के अनुसार यह निर्णय प्रदेश के सभी राज्य विश्वविद्यालयों के रजिस्ट्रार, सरकारी कॉलेजों, सरकारी सहायता प्राप्त कॉलेजों तथा स्व-वित्तपोषित (सेल्फ-फाइनेंस) कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को तुरंत प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। शिक्षा मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार का उद्देश्य है कि प्रदेश का कोई भी होनहार छात्र उच्च शिक्षा से वंचित न रहे। तिथि बढ़ाए जाने से बचे हुए सभी पात्र छात्र अब 15 सितंबर तक पोर्टल पर अपनी प्रवेश प्रक्रिया आसानी से पूरी कर सकेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते अपना दाखिला सुनिश्चित करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा