सोनीपत: मुख्यमंत्री घोषणाओं के विकास कार्य तय समय में पूरे करें: उपायुक्त
सोनीपत, 09 मार्च (हि.स.)। उपायुक्त
सुशील सारवान ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं के अंतर्गत जिले
में चल रहे सभी विकास कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करना सुनिश्चित किया
जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही
स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही सभी कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि
आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
उपायुक्त
सोमवार को लघु सचिवालय में मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक
की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक के दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से
एक-एक करके विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने लंबित परियोजनाओं को शीघ्र
पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि जिन कार्यों पर अभी तक काम शुरू नहीं हुआ है,
उन्हें तुरंत शुरू किया जाए। वहीं जिन परियोजनाओं पर काम चल रहा है, उन्हें निर्धारित
समय सीमा के भीतर पूरा करना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने
कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणाएं सीधे तौर पर आम जनता से जुड़ी होती हैं, इसलिए सभी विभाग
इन्हें गंभीरता से लें और पूरी जिम्मेदारी तथा पारदर्शिता के साथ काम करें। उपायुक्त
ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे समय-समय पर फील्ड में जाकर विकास कार्यों का निरीक्षण
करें। मुख्यमंत्री घोषणाओं के माध्यम से जिले में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल,
खेल और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण विकास कार्य किए जा रहे हैं,
जिनका लाभ सीधे तौर पर आम जनता को मिलेगा। सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य
करने के निर्देश दिए, ताकि विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए और सभी परियोजनाएं
समय पर पूरी हो सकें।
बैठक
में अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन, परियोजना अधिकारी जोगिन्द्र लठवाल, पंचायती विभाग
के एक्सईएन कुलबीर फौगाट तथा लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन प्रशांत कौशिक सहित संबंधित
विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

