home page

सिंगापुर में निवेशकों को तलाशेगी हरियाणा सरकार

 | 

मुख्यमंत्री नायब सैनी चार अक्टूबर से करेंगे सिंगापुर का दौरा

चंडीगढ़, 02 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 4 से 6 अक्टूबर तक सिंगापुर के तीन दिवसीय महत्वपूर्ण दौरे पर रहेंगे। इस दौरे का उद्देश्य हरियाणा और सिंगापुर के बीच निवेश, औद्योगिक सहयोग, तकनीकी साझेदारी तथा कौशल विकास के नए अवसरों को तलाशना और उन्हें ठोस स्वरूप देना है।

मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान लॉजिस्टिक्स, सेमीकंडक्टर, अत्याधुनिक विनिर्माण, एग्रो एवं खाद्य प्रसंस्करण, ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर (जीसीसी), विमानन तथा शिक्षा जैसे प्रमुख क्षेत्रों में पारस्परिक सहयोग और निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे। राज्य सरकार का लक्ष्य हरियाणा को वैश्विक निवेशकों के लिए और अधिक अनुकूल, प्रतिस्पर्धी तथा नवाचार-आधारित औद्योगिक गंतव्य के रूप में स्थापित करना है।

सिंगापुर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न प्रतिष्ठित उद्योग समूहों, निवेशकों, कॉरपोरेट प्रतिनिधियों तथा क्षेत्र-विशेष के विशेषज्ञों के साथ राउंड टेबल कॉन्फ्रेंस में भाग लेंगे। इन बैठकों में हरियाणा की औद्योगिक नीति, निवेश-अनुकूल वातावरण, मजबूत बुनियादी ढांचा, बेहतर कनेक्टिविटी, कुशल मानव संसाधन और तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक कॉरिडोरों की संभावनाओं को प्रस्तुत किया जाएगा।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी निवेशकों के साथ वन-टू-वन बैठकें भी करेंगे। इन बैठकों में सिंगापुर की कंपनियों को हरियाणा में विनिर्माण इकाइयां स्थापित करने, अनुसंधान एवं विकास केंद्र बनाने, लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग सुविधाओं में निवेश करने, खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र का विस्तार करने तथा उच्च तकनीक आधारित उद्योगों में भागीदारी के लिए आमंत्रित किया जाएगा।

राज्य सरकार विशेष रूप से सेमीकंडक्टर और उन्नत विनिर्माण जैसे भविष्य-केंद्रित क्षेत्रों में निवेश आकर्षित करने पर जोर दे रही है। इसके साथ ही ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर क्षेत्र में हरियाणा की क्षमता, आईटी एवं तकनीकी प्रतिभा, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र से निकटता तथा विश्वस्तरीय शहरी ढांचे को निवेशकों के सामने प्रमुखता से रखा जाएगा।

कृषि प्रधान राज्य होने के नाते हरियाणा एग्रो एवं खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में भी व्यापक संभावनाएं रखता है। मुख्यमंत्री सिंगापुर के निवेशकों और खाद्य उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ आधुनिक फूड प्रोसेसिंग, कोल्ड-चेन, वैल्यू एडिशन, निर्यात-उन्मुख उत्पादन और कृषि उत्पादों के लिए वैश्विक बाजार उपलब्ध कराने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे। विमानन, लॉजिस्टिक्स और सप्लाई-चेन प्रबंधन के क्षेत्रों में भी सिंगापुर की विशेषज्ञता का लाभ हरियाणा को मिल सकता है। दौरे के दौरान इन क्षेत्रों में आधुनिक तकनीक, दक्ष प्रबंधन, वेयरहाउसिंग, मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी और औद्योगिक परिवहन व्यवस्था से संबंधित साझेदारी की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी।

मुख्यमंत्री 6 अक्टूबर को सिंगापुर में सिख बिजनेसमैन और प्रवासी भारतीय उद्यमियों से भी मुलाकात करेंगे। इस दौरान उन्हें हरियाणा में निवेश, उद्योग स्थापना और सामाजिक-आर्थिक विकास से जुडऩे के अवसरों की जानकारी दी जाएगी। मुख्यमंत्री प्रवासी उद्यमियों से हरियाणा के विकास अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान करेंगे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अपने दौरे के दौरान निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को अगले वर्ष आयोजित होने वाले हैपनिंग हरियाणा में भाग लेने का आमंत्रण भी देंगे। यह आयोजन हरियाणा की औद्योगिक क्षमता, निवेश परियोजनाओं, नवाचार, स्टार्टअप, विनिर्माण और वैश्विक सहयोग की संभावनाओं को एक मंच पर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा