home page

सिरसा:पंजाब सरकार को शहीद भगत सिंह की फोटो लगाने का अधिकार नही

 | 
सिरसा:पंजाब सरकार को शहीद भगत सिंह की फोटो लगाने का अधिकार नही


सिरसा, 15 मई (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब की आम आदमी पार्टी पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार की ड्यूटी भ्रष्टाचार बढ़ाना नहीं होता। कांग्रेस के भ्रष्टाचार से तंग आकर पंजाब की जनता ने आप मौका दिया था, लेकिन आज पंजाब में भ्रष्टाचार चरम पर है।

पंजाब नशे की दलदल में फंसा है। आम आदमी पार्टी ने पंजाब की जनता को सब्जबाग दिखाकर धोखा देने का काम किया है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को सिरसा में आयोजित कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की जनता भोली जनता है, दिल्ली में मुख्यमंत्री रहते हुए अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली जैसे पेरिस बनाने के सपने पंजाब की जनता को दिखाए थे। लेकिन जब पंजाब में एक टॉवर पर ईडी की रेड पड़ती है तो कैसे नोटो की बरसात हुई, यह घटना कथित ईमानदार सरकार की पोल खोलती है। उन्होंने कहा कि शहीद भगत सिंह की फोटो लगाने का इन्हें अधिकार नहीं है, क्योंकि शहीद भगत सिंह ने आने वाली पीढिय़ों को सुरक्षित करने के लिए अपनी कुर्बानी दी थी, लेकिन उनके सपनों का पंजाब बनने की बजाय यह भ्रष्टाचार, घोटालों का पंजाब बन चुका है। पंजाब में तहसील, थानों में बिना पैसे काम नहीं होता। वहां की जनता परेशान है।

सैनी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में पंजाब में बीजेपी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार बनेगी और वहां विकास को तेज गति से करते हुए भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाएगी।

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण को लेकर किए गए आह्वान के मद्देनजर हरियाणा में भी इसे लागू किया गया है। इस संबंध में एसओपी जारी की गई है। खुद के फ्लीट में भी गाडिय़ों की संख्या कम की है, साथ ही अधिकारियों को भी कहा है कि वर्चुअल तरीके से बैठक हो सकती है तो वो करें। उन्होंने कहा कि आज वैश्विक संकट है, मिडल ईस्ट में जो हालत है उस समस्या से निपटने के लिए सरकार ने कदम उठाए है, जनता को भी सहयोग देना चाहिए। एक सवाल के जवाब में सीएम सैनी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्व. भजन लाल हमारे आदरणीय है और हरियाणा के विकास को लेकर उनके द्वारा दिए गए बहुमूल्य सहयोग को भुलाया नहीं जा सकता। मुख्यमंत्री ने नीट परीक्षा में एक चिकित्सक की भूमिका संबंधित पूछे गए सवाल पर कहा कि इस पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। सरकार मामले की तह तक जा रही है, किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma