home page

यमुनानगर:‘मन की बात’ समाज के प्रेरक व्यक्तित्वों को राष्ट्रीय पहचान देने का प्रभावी मंच : मुख्यमंत्री सैनी

 | 
यमुनानगर:‘मन की बात’ समाज के प्रेरक व्यक्तित्वों को राष्ट्रीय पहचान देने का प्रभावी मंच : मुख्यमंत्री सैनी


यमुनानगर, 26 जुलाई (हि.स.) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देश के प्रेरणादायी व्यक्तित्वों, नवाचारों और जनभागीदारी की सकारात्मक पहल को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम बन चुका है। इस मंच के जरिए ऐसे प्रतिभाशाली और हुनरमंद लोगों की कहानियां सामने आती हैं, जो अपने कौशल और परिश्रम से न केवल आत्मनिर्भर बने हैं, बल्कि दूसरों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन रहे हैं।

मुख्यमंत्री रविवार को कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा विधानसभा क्षेत्र स्थित आईजीएन कॉलेज, धनौरा जाटान बूथ पर नागरिकों के साथ प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का प्रसारण सुनने के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम समाप्त होने के पश्चात उन्होंने स्थानीय नागरिकों के साथ विभिन्न विषयों पर संवाद भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कारगिल विजय दिवस का उल्लेख करते हुए देश का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी।

उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार ने प्रदेश में 1 करोड़ 86 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस अभियान के तहत विभिन्न जिलों में व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ और अन्य पारिवारिक अवसरों को पौधारोपण से जोड़कर पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान दें।

इस अवसर पर पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन, अतिरिक्त उपायुक्त विवेक आर्य, एसडीएम अनुभव मेहता, चेयरमैन सुभाष कलसाना, भाजपा के वरिष्ठ नेता जयभगवान शर्मा, चेयरमैन गुरनाम सैनी, रविंद्र सांगवान, जिलाध्यक्ष रमेश सैनी, चेयरपर्सन साक्षी खुराना सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार