home page

सिरसा: स्व. सहीराम से समाज को हमेशा प्रेरणा मिलती रहेगी: नायब सैनी

 | 
सिरसा: स्व. सहीराम से समाज को हमेशा प्रेरणा मिलती रहेगी: नायब सैनी


सिरसा, 29 मई (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि स्व. चौधरी सहीराम बिश्रोई एक महान व्यक्तित्व के धनी थे, जिन्होंने अपना पूरा जीवन समाज सेवा, त्याग और राष्ट्रभक्ति के लिए समर्पित कर दिया। उनका जीवन संघर्ष, सेवा और समर्पण का अद्भुत उदाहरण रहा है। ऐसे महान जननायक से समाज को हमेशा प्रेरणा मिलती रहेगी और उनकी यादें सदैव लोगों के बीच जीवित रहेंगी। मुख्यमंत्री ने पूर्व विधायक सहीराम बिश्रोई के नाम पर एक अस्पताल का नामकरण करने की घोषणा की। सीएम शुक्रवार को सिरसा जिले के गांव सकताखेड़ा में स्व. सहीराम बिश्रोई की स्मृति सभा में पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि सभा में बिश्रोई समाज द्वारा स्व. सहीराम बिश्नोई को ‘बिश्रोई रत्न’ से सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व. सहीराम बिश्नोई का जन्म 12 जनवरी 1922 को पाकिस्तान में हुआ। उन्होंने कानून की शिक्षा प्राप्त की और विभाजन के कठिन दौर में न केवल अपने परिवार बल्कि हजारों विस्थापित परिवारों की चिंता करते हुए उन्हें बसाने और सहयोग करने का कार्य किया। उन्होंने समाज के उत्थान और लोगों की सेवा को ही अपने जीवन का उद्देश्य बना लिया था। उन्होंने कहा कि चौधरी सहीराम बिश्नोई संयुक्त पंजाब विधानसभा के विधायक भी रहे तथा उन्होंने सरदार प्रकाश सिंह बादल के साथ चुनाव जीतकर विधानसभा में जनसेवा का कार्य किया। उनका समाज सेवा में योगदान अतुलनीय रहा है।

उन्होंने गुरु जम्भेश्वर महाराज से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने एक अस्पताल का नाम स्व. सहीराम बिश्रोई के नाम पर रखने की घोषणा की। उन्होंने बिश्रोई समाज द्वारा स्व. चौधरी सहीराम बिश्नोई को ‘बिश्रोई रत्न’ से सम्मानित किए जाने पर समाज का आभार भी व्यक्त किया।

वहीं, कैबिनेट मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि स्व. सहीराम कठिन दौर में भी समाज को रास्ता दिखाते रहे। विभाजन के समय बहुत से परिवार यहां आए और उन परिवारों के मददगार चौ. सहीराम जी रहे। उन परिवारों को स्थापित करने में उनका बड़ा योगदान रहा है। ऐसे व्यक्तित्व बड़े विरले होते हैं, जो दूसरों की मदद में जीवन लगा देते हैं। ऐसे व्यक्तित्व का चले जाना एक बड़ी क्षति है। इस मौके पर राजस्थान सरकार के मंत्री केके बिश्रोई, स्वामी रामानंद महाराज, आईजी हिसार रेंज कुलदीप सिंह, पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर, जिला नगर आयुक्त सुरेंद्र बैनीवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष सिरसा यतींद्र सिंह एडवोकेट, रेणू शर्मा, चेयरमैन देव कुमार शर्मा, पूर्व विधायक हरिलाल बिश्रोई, पूर्व विधायक दुड़ाराम, पूर्व विधायक बिहारी लाल बिश्रोई बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और स्व. सहीराम बिश्रोई को श्रद्धांजलि दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma