home page

मुख्यमंत्री 21 को गुरुग्राम में जेन-जी एंटरप्रोन्योर्स  से करेंगे संवाद

 | 

‘युवा उद्यमी यात्रा’ को दिखाएंगे हरी झंडी

चंडीगढ़, 19 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 21 अगस्त को गुरुग्राम यूनिवर्सिटी में जेन-जी एंटरप्रोन्यार्स के साथ सीधा संवाद करेंगे। इस दौरान सफल युवा उद्यमियों द्वारा अपना स्टार्टअप शुरू करने के इच्छुक युवाओं को न केवल स्टार्टअप की स्थापना के संबंध में मार्गदर्शन दिया जाएगा बल्कि स्टार्टअप के लिए धनराशि, तकनीकी सहायता प्राप्त करने सहित अन्य पहलुओं के संबंध में भी जानकारी दी जाएगी।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में बुधवार को चंडीगढ़ में हुई बैठक के दौरान अधिकारियों ने इस कार्यक्रम के संबंध में अपनी रिपोर्ट पेश की।

बैठक में मुख्यमंत्री के ओएसडी वीरेंद्र बडख़ालसा, डॉ. राज नेहरू, अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. जी अनुपमा, ए.के सिंह तथा ओएसडी विवेक कालिया भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि जेन-जी के साथ किया जाने वाले इस कार्यक्रम में किसी औपचारिकता के बिना युवाओं के साथ सीधा संवाद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की शुरूआत से लेकर समापन तक वे बिना औपचारिकता, युवाओं के साथ रहना और उनसे बात करना चाहते हैं।

अधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम में 6 मास्टर क्लास रूम स्थापित किए जाएंगे जिनमें सफल उद्यमी एक्सपर्ट के तौर पर 50-50 बच्चों के गु्रप को स्टार्टअप की स्थापना व अन्य पहलुओं के संबंध में प्रशिक्षण देंगे और उन्हें बताएंगे कि किस प्रकार किसी स्टार्टअप को जीरो से लेकर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं को सर्टिफिकेट भी प्रदान किए जाएंगे। बाद में इन युवाओं को एमएसएमई से लिंक किया जाएगा जहां ये स्टार्टअप का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करेंगे।

इसके अलावा इस कार्यक्रम में एक स्टार्टअप रूम भी स्थापित किया जाएगा जहां 60 सफल उद्यमी युवाओं को स्टार्टअप शुरू करने के गुर बताएंगे। इस दौरान बैकों द्वारा ऋण संबंधी तथा कौशल विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों द्वारा भी युवाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा। इस कार्यक्रम का आयोजन उच्च शिक्षा विभाग, कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग तथा उद्योग एवं वाणिज्य विभाग द्वारा संयुक्त रूप से किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी युवा उद्यमी यात्रा के अंतर्गत 2 बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। ये बसें गुरुग्राम से चलकर प्रदेश के प्रत्येक जिला में कॉलेज, विश्वविद्यालयों, आईटीआई, कोचिंग संस्थानों आदि के विद्यार्थियों को स्टार्टअप व एंटरप्रोन्योशिप के संबंध में जागरूक करेगी और स्टार्टअप शुरू करने वाले छात्रों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उनकी विशेष रूप से मदद करेंगी। यह यात्रा दिसंबर तक चलेगी। यात्रा के समापन पर दिसंबर में जेन-जी के लिए एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा जिसमें ‘युवा उद्यमी यात्रा’ से लाभांवित हुए युवा भागीदारी करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा