home page

सोनीपत: मुख्यमंत्री ने 113 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया

 | 
सोनीपत: मुख्यमंत्री ने 113 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया








खानपुर तहसील तथा बरोदा और फरमाना

को उप-तहसील बनाएंगे

प्रदेश के 4032 पेट्रोल पंप और गैस

एजेंसियों पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध

गांव गढ़ी उजाले खां को कृष्ण नगर,

गढ़ी नामदा खां का नाम सुदामा नगर किया जाएगा

सोनीपत, 29 मार्च (हि.स.)। गोहाना

की नई सब्जी मंडी में आयोजित विकास एवं धन्यवाद रैली में मुख्यमंत्री नायब

सिंह सैनी ने प्रदेश और क्षेत्र के लिए रविवार को 113 करोड रुपये की परियोजनाओं का

उद्घाटन और शिलान्यास कर जनता को समर्पित किया। रैली में बड़ी संख्या में लोगों की

उपस्थिति रही। मुख्यमंत्री ने मंच से सभी को राम-राम कहते हुए संबोधित किया और जनता

का आभार जताया कि उन्होंने मंत्री डा. अरविंद शर्मा को विधायक बनाकर विधानसभा भेजा।

उन्होंने इसे जनता के विश्वास, मेहनत और समर्पण का महापर्व बताया।

मुख्यमंत्री

ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि पेट्रोल, डीजल और गैस के वैश्विक संकट के समय

भी विपक्ष राजनीति खोज रहा है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि खाड़ी देशों

में चल रहे युद्ध का असर पूरे विश्व पर दिख रहा है और ऊर्जा संकट पैदा हो रहा है। ऐसे

समय में केंद्र सरकार ने एक्साइज ड्यूटी घटाकर कीमतों को नियंत्रित करने का प्रयास

किया है, जो दूरदर्शी सोच का प्रमाण है।

मुख्यमंत्री

ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार जनता की आकांक्षाओं, सपनों और विश्वास की जीत

है। प्रदेश में पारदर्शिता और सेवा को समर्पित नेतृत्व को जनता ने चुना है।

मुख्यमंत्री

ने बताया कि किसानों को ट्यूबवेल बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए हरियाणा एग्री

डिस्कॉम नाम से तीसरी बिजली कंपनी बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 4032 पेट्रोल

पंप और गैस एजेंसियों पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ

सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

परिसीमन

और एसआईआर का कार्य पूरा होते ही खानपुर को तहसील तथा बरोदा और फरमाना को उप-तहसील

बनाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। गोहाना में जनगणना और एसआईआर के बाद नगर सीमा बढ़ाने

का काम भी किया जाएगा। महम रोड स्थित पावर हाउस और खानपुर में 33 केवी स्टेशन स्थापित

किए जाएंगे।

गोहाना

में खेल स्टेडियम बनाया जाएगा। सोनीपत से पानीपत चुंगी के बीच ड्रेन-8 को कवर कर भगवान

परशुराम विरासत पार्क और जॉगिंग ट्रेक बनाया जाएगा। शहर में मल्टी स्टोरी पार्किंग

और वाणिज्यिक परिसर के निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध कराई जाएगी। बड़ोता बाईपास पर भूमि

मिलने पर पर्यटन रिसॉर्ट स्थापित किया जाएगा। एचएसवीपी द्वारा ट्रांसपोर्ट नगर बनाया

जाएगा तथा नए सेक्टरों में सभी समाजों के भवनों के लिए प्लॉट दिए जाएंगे। नया सिंचाई

भवन, शक्ति भवन और रेस्ट हाउस का पुनर्निर्माण भी कराया जाएगा।

बड़ोता

से गुजरने वाली ड्रेन नंबर चार और गोहाना माइनर को पक्का किया जाएगा। मछंदर नाथ तक

फ्लाईओवर का निर्माण कराया जाएगा। बीपीएस मेडिकल महिला कॉलेज में फिजियोथैरेपी कॉलेज

शुरू किया जाएगा। गढ़ी सराय नामदा खां के आठवीं स्कूल को बारहवीं तक अपग्रेड करने के

लिए शिक्षा विभाग की समिति बनाई जाएगी।

गांव

गढ़ी उजाले खां और गढ़ी नामदा खां का नाम प्रस्ताव मिलने पर क्रमशः कृष्ण नगर और सुदामा

नगर किया जाएगा। गोहाना-रोहतक मार्ग पर गांव रूखी के पास जम्मू कटरा हाईवे की सर्विस

लाइन बढ़ाने का प्रस्ताव राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को भेजा जाएगा।

मुख्यमंत्री

ने कहा कि सभी मांगों की सूची को गंभीरता से लिया जाएगा और विकास कार्यों को प्राथमिकता

के आधार पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता के सहयोग से क्षेत्र में

विकास की गति और तेज होगी। इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली, सहकारिता

एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, पूर्व राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, सोनीपत

के विधायक निखिल मदान और खरखौदा के विधायक पवन खरखौदा, सोनीपत अध्यक्ष अशोक भारद्वाज,

महांमंत्री नीरज कुमार, गोहान अध्यक्ष बिजेंद्र मलिक, डा. राममेहर राठी सहित अन्य भाजपा

नेता शामिल हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना