home page

हरियाणा के मुख्यमंत्री व राज्यपाल ने प्रदेश वासियों को दी दीपावली की बधाई

 | 
हरियाणा के मुख्यमंत्री व राज्यपाल ने प्रदेश वासियों को दी दीपावली की बधाई


चंडीगढ़, 07 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दीपावली के पावन अवसर पर प्रदेश एवं देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कामना की कि प्रकाश और उल्लास का यह पावन पर्व सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली लेकर आए तथा हर घर में आशा, सकारात्मकता और नई ऊर्जा का संचार हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का पर्व ही नहीं, बल्कि यह अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य और निराशा पर आशा की विजय का प्रतीक भी है। यह पर्व हमें जीवन में सकारात्मक सोच अपनाने, बुराइयों का त्याग करने तथा सदाचार, सेवा और परोपकार के मार्ग पर आगे बढऩे की प्रेरणा देता है। दीपावली का पावन संदेश प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में नई ऊर्जा, उत्साह और उमंग का संचार करता है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे दीपावली का पावन पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे, सौहार्द और उल्लास के साथ मनाएं तथा इस अवसर पर जरूरतमंदों के जीवन में भी खुशियों का दीप जलाने का संकल्प लें। उन्होंने सभी के सुखद, मंगलमय और समृद्ध भविष्य की कामना की।

इसी दौरान हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने दीवाली के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि यह पर्व प्रेम, सद्भाव, शांति एवं समृद्धि का संदेश देने के साथ-साथ समाज में आपसी भाईचारे और सौहार्द की भावना को भी सुदृढ़ करता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्रदेशवासी इस पर्व को हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाएंगे। साथ ही, उन्होंने सभी से पर्यावरण संरक्षण और जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल दीवाली मनाने की भी अपील की।

इस अवसर पर राज्यपाल ने लोक भवन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ दीवाली की खुशियां साझा कीं। उन्होंने सभी को पर्व की बधाई दी और मिठाइयां वितरित कीं। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव विजयकुमार भाविकट्टी, राज्यपाल के एडीसी मोहित हांडा एवं स्क्वाड्रन लीडर पी. भरत सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने राज्यपाल से मुलाकात कर दी दीपावली की शुभकामनाएं

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपनी धर्मपत्नी सुमन सैनी सहित शनिवार को हरियाणा लोक भवन में राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष और लेडी गवर्नर मित्रा घोष से शिष्टाचार भेंट की और उन्हें दीपावली के पावन पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राज्यपाल के उत्तम स्वास्थ्य एवं सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व भारतीय संस्कृति, परंपरा और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा