home page

सिरसा: सीएम फ्लाइंग का राशन डिपुओं पर छापा

 | 
सिरसा: सीएम फ्लाइंग का राशन डिपुओं पर छापा


सिरसा, 03 जुलाई (हि.स.)। सीएम फ्लाइंग ने शुक्रवार को जिले के कई राशन डिपुओ का औचक निरीक्षण कर किया। निरीक्षण के दौरान डिपुओं पर खामियां मिली हैं। टीम ने गेहूं के सैंपल लिए और लाभार्थियों का रिकॉर्ड, स्टॉक रजिस्टर और वितरण संबंधी दस्तावेजों की गहन जांच की। उल्लेखनीय है कि लाभार्थियों द्वारा शिकायत की गई थी कि राशन डिपुओं पर वितरित किए जा रहे गेहूं में रेत, मिट्टी एवं फफूंदी जैसी अशुद्धियां मौजूद हैं, जिससे यह गेहूं उपभोग के योग्य नहीं है। मामला मुख्यमंत्री तक पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री उडऩ दस्ते ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जांच प्रक्रिया शुरू की।

टीम में उप निरीक्षक जितेंद्र कुमार, राजेश कुमार, राहुल कुमार, उप निरीक्षक आनंद शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

जांच टीम ने शहर के विभिन्न राशन डिपुओं पर पहुंचकर गेहूं की गुणवत्ता का निरीक्षण किया तथा मौके से गेहूं के सैंपल एकत्रित किए। इसके साथ ही लाभार्थियों के रिकॉर्ड, स्टॉक रजिस्टर और वितरण संबंधी दस्तावेजों की भी विस्तार से जांच की गई। प्रारंभिक जांच के दौरान शिकायतों में तथ्य पाए जाने के बाद मुख्यमंत्री उडऩ दस्ते ने संबंधित राशन डिपो संचालकों को आगामी आदेशों तक उक्त गेहूं का वितरण नं करने के निर्देश जारी किए। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को संबंधित डिपुओं पर उपलब्ध खराब गुणवत्ता वाले गेहूं के स्टॉक को बदलने तथा उसके स्थान पर बेहतर गुणवत्ता का गेहूं उपलब्ध करवाने के निर्देश भी दिए गए। सूत्रों के अनुसार एक राशन डिपो को अस्थायी रूप से बंद किए जाने की सूचना है।

रानियां नगर पालिका क्षेत्र में करीब 60 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित गलियों की गुणवत्ता की जांच के लिए सीएम फ्लाइंग की टीम पहुंची। टीम ने फिरोजाबाद रोड स्थित जज कॉलोनी में पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और मौके से निर्माण सामग्री के सैंपल एकत्र किए। इन सैंपलों को जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजा गया है। सीएम फ्लाइंग की कार्रवाई का नेतृत्व राजेश कुमार ने किया। टीम ने निर्माण कार्य से जुड़े रिकॉर्ड और मौके की स्थिति का भी अवलोकन किया।

सीएम फ्लाइंग टीम के प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि फिरोजाबाद रोड स्थित जज कॉलोनी में निर्मित गलियों का निरीक्षण कर निर्माण सामग्री के सैंपल लिए गए हैं। इन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट किसी प्रकार की अनियमितता या गुणवत्ता में कमी पाई जाती है तो कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma