home page

हिसार में जनरल स्टोर पर सीएम फ्लाइंग की रेड, 159 किलो पटाखे बरामद

 | 
हिसार में जनरल स्टोर पर सीएम फ्लाइंग की रेड, 159 किलो पटाखे बरामद


बिना लाइसेंस और दमकल विभाग की एनओसी के आबादी के बीच किया हुआ था पटाखों का भंडारण

दुकान संचालक पर विस्फोटक अधिनियम के तहत दर्ज होगा केस

हिसार, 05 नवंबर (हि.स.)। दीपावली से पहले उकलाना में आबादी के बीच अवैध रूप से पटाखों का भंडारण किए जाने का मामला सामने आया है। सीएम फ्लाइंग हिसार की टीम ने गुरुवार को दमकल विभाग और पुलिस के साथ पुरानी अनाज मंडी स्थित सिंगला जनरल स्टोर पर छापेमारी कर करीब 159 किलोग्राम पटाखे बरामद किए।

दुकान संचालक न तो पटाखों के भंडारण और बिक्री का लाइसेंस दिखा पाया और न ही दमकल विभाग की अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्रस्तुत कर सका। टीम की शिकायत पर दुकान मालिक के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत केस दर्ज किया जाएगा। बरामद पटाखों को दमकल विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया है।

रेड का नेतृत्व सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज की इंचार्ज सुनैना ने किया। उनके साथ दमकल विभाग के अधिकारी रणदीप श्योकंद, एसआई बलवान और हेड कांस्टेबल विजय भी मौजूद रहे। जानकारी के अनुसार सुनैना को सूचना मिली थी कि उकलाना की पुरानी अनाज मंडी स्थित सिंगला जनरल स्टोर (टेकराम सिंगला) में बिना किसी वैध अनुमति के बड़ी मात्रा में पटाखे रखे गए हैं और उनकी बिक्री की जा रही है।

इस पर टीम ने दमकल विभाग के अधिकारियों और पुलिस को साथ लेकर दुकान का निरीक्षण किया। जांच के दौरान दुकान में करीब 159 किलोग्राम पटाखे मिले। संचालक इनके भंडारण और बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। इसके बाद स्थानीय पुलिस को मौके पर बुलाकर कार्रवाई शुरू की गई और पटाखे दमकल विभाग के सुपुर्द कर दिए गए।

प्रारंभिक

जांच में सामने आया कि जनरल स्टोर में आबादी के बीच पटाखों का स्टॉक किया गया था। पुरानी अनाज मंडी जैसे व्यस्त क्षेत्र में इतनी बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री रखना आसपास के दुकानदारों और लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा था। आग लगने या विस्फोट होने की स्थिति में आसपास की दुकानों और रिहायशी क्षेत्र में बड़ा नुकसान हो सकता था। दीपावली से पहले हुई इस कार्रवाई से अवैध रूप से पटाखों का भंडारण करने वालों में हड़कंप मच गया।

पहले भी विस्फोट में जा चुकी है युवक की जान

उकलाना क्षेत्र में पटाखों के अवैध भंडारण का मामला इसलिए भी गंभीर है, क्योंकि करीब दो-तीन साल पहले लितानी मोड़ के पास पटाखों के गोदाम में हुए विस्फोट में बिठमड़ा गांव के एक युवक की मौत हो गई थी। उस हादसे के बावजूद आबादी क्षेत्र में पटाखों का भंडारण किए जाने से सुरक्षा इंतजामों और नियमों की पालना पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

बिना लाइसेंस भंडारण और बिक्री पर होगी कार्रवाई : सुनैना

सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज इंचार्ज सुनैना ने बताया कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार बिना वैध अनुमति के पटाखों का भंडारण और बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उकलाना में छापेमारी के दौरान करीब 159 किलोग्राम पटाखे बरामद हुए हैं। दुकान संचालक के पास न तो भंडारण और बिक्री का लाइसेंस मिला और न ही दमकल विभाग की एनओसी थी। बरामद पटाखे दमकल विभाग के सुपुर्द कर दिए गए हैं। कानूनी कार्रवाई के लिए उकलाना पुलिस को शिकायत दी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर