सिरसा: लोकतंत्र पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं: सुरजेवाला
सिरसा, 19 नवंबर (हि.स.)। कैथल से विधायक आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा दिए गए संविधान ने देश के हर नागरिक को वोट की सबसे बड़ी ताकत दी है, लेकिन आज विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की आड़ में और मतदाता सूचियों में हेराफेरी कर आम आदमी के इस मौलिक अधिकार को छीनने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता के इस जनादेश पर किसी भी तरह की चोट को कांग्रेस पार्टी और हरियाणा की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में लोकतंत्र पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं।
मतदाताओं को गुमराह करने और उनके अधिकारों को कुचलने के प्रयासों के खिलाफ कांग्रेस पार्टी सडक़ों पर उतर चुकी है। उन्होंने कहा कि वोट बचाओ देश बचाओ अभियान का उद्देश्य यही है कि हर नागरिक अपने मताधिकार का सही इस्तेमाल करे और लोकतंत्र को मजबूत बनाए। आदित्य सुरजेवाला गुरुवार को सिरसा जिले के गांव बेगू और केलनियां चौपाल कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
कांग्रेस नेता कहा कि कहा भाजपा के झूठे वायदों और जनता के बढ़ते गुस्से के कारण सत्ता बचाने के लिए चुनाव प्रक्रिया में धांधली और वोट चोरी का सहारा लिया जा रहा है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव आयोग की निष्पक्षता और विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जनता को यह हक है कि वह जाने कि चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से हो रहे हैं या नहीं। आज देश और प्रदेश में लोकतंत्र पर सबसे बड़ा खतरा वोट चोरी का है, जिसमें सत्ताधारी दल चुनाव आयोग की आड़ में, ईवीएम और प्रशासनिक मशीनरी का दुरुपयोग कर जनता के वोट चुरा रहे हैं। भाजपा ने चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की मदद से देश व प्रदेश में वोट चोरी करके चोरी से सरकार बनाई है। सुरजेवाला ने भाजपा सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि जनता का गुस्सा अब वोट के रूप में सामने आएगा। भाजपा को अपने अधूरे वायदों, झूठे जुमलों, वोट चोरी और लोकतंत्र के साथ किए जा रहे खिलवाड़ का जवाब देना ही होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

