home page

यमुनानगर:विकास कार्यों की गुणवत्ता पर मेयर सख्त, किया निरीक्षण

 | 
यमुनानगर:विकास कार्यों की गुणवत्ता पर मेयर सख्त, किया निरीक्षण


यमुनानगर, 04 अप्रैल (हि.स.)। यमुनानगर में चल रही विकास परियोजनाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए मेयर सुमन बहमनी ने शनिवार को विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान मेयर ने कैनाल रेस्ट हाउस रोड और आजाद नगर स्थित सामुदायिक केंद्र सहित अन्य परियोजनाओं का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्यों में उपयोग हो रही सामग्री, सड़क की मजबूती, लेवलिंग तथा अन्य तकनीकी पहलुओं की विस्तार से समीक्षा की। मेयर ने अधिकारियों से कहा कि सभी परियोजनाओं में निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन किया जाए और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करते हुए उन्हें तय समय सीमा में पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को जल्द से जल्द सुविधाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि नगर निगम का मुख्य उद्देश्य शहरवासियों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है, जिसमें सुदृढ़ सड़कें और सामुदायिक ढांचा प्रमुख हैं। इसके लिए प्रत्येक परियोजना पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान रेलवे स्टेशन चौक के निकट अतिक्रमण की समस्या पर भी मेयर ने गंभीरता जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क किनारे हुए अतिक्रमण को शीघ्र हटाया जाए, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार