हांसी : भाखड़ा जल परियोजना के विरोध्र में नागरिकों ने निकाला विरोध मार्च
डीसी को सौंपा ज्ञापन, शहर के हिस्से का पानी
जल्द दिलाने की मांग
चानौत के लिए अलग पाइपलाइन का दिया सुझाव
हांसी, 13 जुलाई (हि.स.)। भाखड़ा पेयजल परियोजना
का कार्य रुके होने से संभावित पेयजल संकट के चलते हांसी में जनआक्रोश देखने को मिला।
व्यापारी संगठनों, सामाजिक संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न वर्गों के हजारों नागरिकों
ने शहर में विरोध मार्च निकालकर जिला उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने
भाखड़ा जल परियोजना का कार्य तुरंत शुरू करवाने तथा हांसी शहर को उसके हिस्से का पेयजल
बिना किसी देरी के उपलब्ध कराने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान सोमवार को पार्षद प्रतिनिधि
एवं पूर्व पार्षद अजय सैनी ने कहा कि हांसी के नागरिक केवल अपने वैध हिस्से के पानी
की मांग कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहरवासियों को चानौत गांव के अधिकारों
से कोई आपत्ति नहीं है और वे चाहते हैं कि गांव को भी पर्याप्त पेयजल मिले। उन्होंने
सुझाव दिया कि यदि चानौत गांव के लिए अतिरिक्त जलापूर्ति की आवश्यकता है तो प्रशासन
अलग 10 इंच अथवा 36 इंच की पाइपलाइन बिछाकर स्थायी समाधान करे, लेकिन हांसी शहर के
लिए स्वीकृत मुख्य भाखड़ा पाइपलाइन परियोजना को किसी भी स्थिति में प्रभावित नहीं किया
जाए।
वक्ताओं ने कहा कि हांसी शहर और चानौत गांव के
बीच किसी प्रकार का विवाद नहीं है तथा दोनों एक-दूसरे के अधिकारों और हितों का सम्मान
करते हैं। उनका आरोप था कि कुछ राजनीतिक तत्व निजी हितों के चलते इस मुद्दे को अनावश्यक
रूप से राजनीतिक रंग देकर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा
कि लगभग दो वर्ष पहले स्वीकृत इस महत्वपूर्ण परियोजना में अब अनावश्यक बाधाएं उत्पन्न
की जा रही हैं, जिससे हांसी शहर के लाखों लोगों की पेयजल व्यवस्था प्रभावित होने की
आशंका है।
प्रदर्शनकारियों ने परियोजना में हो रही देरी
पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि यदि जल्द कार्य शुरू नहीं कराया गया और शहर के हिस्से
का पानी लगातार रोका गया तो आगामी चुनावों में ऐसे जनप्रतिनिधियों का लोकतांत्रिक तरीके
से बहिष्कार किया जाएगा, जिन्हें इस परियोजना में बाधा का जिम्मेदार माना जा रहा है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ पेयजल प्रत्येक नागरिक का मूलभूत अधिकार है और इसके साथ किसी
भी प्रकार की राजनीति स्वीकार नहीं की जाएगी। इस अवसर पर पार्षद प्रतिनिधि एवं पूर्व पार्षद
अजय सैनी, अनिल बंसल, बजरंग बंसल, अनिल चावला, पार्षद हरिराम सैनी, सुनील मंत्री, विनोद
सैनी, नवीन ठाकुर सहित काफी संख्या में शहर के गणमान्य व नागरिक मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

