सोनीपत में पीएम केयर्स योजना से लाभान्वित बच्चों ने उपायुक्त नेहा से की मुलाकात
सोनीपत, 04 जून (हि.स.)। सोनीपत
में पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना से लाभान्वित बच्चों ने गुरुवार को उपायुक्त नेहा
सिंह से उनके कार्यालय में मुलाकात की। बच्चों ने योजना के तहत मिल रही
सुविधाओं और सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए अपने अनुभव साझा किए।
उपायुक्त
ने बच्चों से उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने बच्चों को मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए
प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और सर्वांगीण
विकास के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा।
उपायुक्त
ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर शुरू की गई पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन
योजना कोविड-19 महामारी के दौरान अपने माता-पिता या अभिभावकों को खो चुके बच्चों के
लिए महत्वपूर्ण सहारा बनी है। योजना के तहत बच्चों को शिक्षा, स्वास्थ्य, आर्थिक सहायता
और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं, जिससे वे आत्मनिर्भर और सशक्त बन
सकें।
उन्होंने
कहा कि सरकार का उद्देश्य ऐसे बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना और उनके भविष्य
को बेहतर बनाना है। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं तथा कल्याणकारी
योजनाओं का लाभ समय पर मिले, इसके लिए जिला प्रशासन लगातार कार्य कर रहा है।
उपायुक्त
ने बच्चों को सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने और समाज में अपनी अलग पहचान बनाने के
लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी दृढ़ इच्छाशक्ति और मेहनत
के बल पर बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। इस अवसर पर जिला बाल संरक्षण अधिकारी
रितु गिल भी मौजूद रहीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

