home page

पानीपत: बाल श्रमिक पुनर्वास केंद्र से विक्षिप्त युवक दीवार फांदकर हुआ लापता

 | 
पानीपत: बाल श्रमिक पुनर्वास केंद्र से विक्षिप्त युवक दीवार फांदकर हुआ लापता


पानीपत, 31 जुलाई (हि.स.)। पानीपत स्थित शिव नगर में चल रहे बाल श्रमिक पुनर्वास केंद्र का एक लापरवाही से जुड़ा मामला सामने आया है। सेंटर से मानसिक रूप से विक्षिप्त एक 18 वर्षीय युवक शुक्रवार अलसुबह दीवार फांदकर लापता हो गया। घटना के कई दिनों तक केंद्र प्रबंधन अपने स्तर पर तलाश करता रहा। असफल रहने पर केंद्र प्रबंधन ने स्थानीय पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दर्ज करा लापता युवक की तलाश की गुहार लगाई है।

कृष्णपुरा चौकी पुलिस को दी गई शिकायत में बाल श्रमिक पुनर्वास केंद्र (शिव नगर) के वॉर्डन सोमदत्त ने बताया कि गत 14 जुलाई को जींद सिटी थाने की पुलिस द्वारा एक युवक को उनके केंद्र में दाखिल करवाया गया था। लापता युवक की पहचान संदीप (18) के रूप में हुई है, जो मानसिक रूप से विक्षिप्त प्रतीत हो रहा था।

वार्डन सोमदत्त के अनुसार, 26 जुलाई की सुबह लगभग चार बजे संदीप केंद्र की पार्क वाली दिशा से ऊंची दीवार फांदकर कहीं चला गया। वारदात के समय सुरक्षा की जिम्मेदारी निभा रहा चौकीदार गणेश ड्यूटी पर मौजूद था। घटना के तुरंत बाद से ही केंद्र कर्मचारियों और प्रबंधन द्वारा शहर और आसपास के इलाकों में संदीप की काफी खोजबीन की गई, लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लग सका। पुनर्वास केंद्र के वार्डन की शिकायत पर कृष्णपुरा चौकी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा