सिंचाई विभाग के चीफ इंजीनियर कादियान निलंबित
चंडीगढ़, 16 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के इंजीनियर-इन-चीफ सतबीर सिंह कादियान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस संबंध में विभाग की ओर से गुरुवार को आदेश जारी कर दिए गए हैं। कथित तौर पर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप में यह कार्रवाई की गई है।
सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव द्वारा जारी आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि के दौरान सतबीर सिंह कादियान को हरियाणा सिविल सेवा (सामान्य) नियम, 2016 के तहत निर्धारित जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। साथ ही इस अवधि में उनका मुख्यालय पंचकूला स्थित हेड ऑफिस निर्धारित किया गया है।
कादियान के निलंबन का कारण नहीं बताया गया है, लेकिन विभागीय और प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक इस कार्रवाई के पीछे कुछ प्रमुख वजहें मानी जा रही हैं। कार्यप्रणाली और प्रशासनिक निर्णयों को लेकर शिकायतें सामने आई थीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

