जींद : पुलिसकर्मियों को सीएम सुरक्षा बारे दिए निर्देश
जींद, 24 मार्च (हि.स.)। पुलिस लाइन में मुख्यमंत्री नायब सैनी की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, प्रभावी एंव चाक चौंबंद करने के उद्देश्य से पुलिस लाइन में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप पुलिस अधीक्षक नरवाना कमलदीप राणा ने की। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं कि बारिकी से जानकारी ओर सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाना तथा पुलिसकर्मियों को आधुनिक तकनीकों से अवगत कराना, किसी भी आपात स्थिति में तुरंत व सटीक प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना रहा।
उप पुलिस अधीक्षक नरवाना कमलदीप राणा सहित प्रशिक्षण कार्यक्रम में मंगलवार को जींद पुलिस के विभिन्न थाना व यूनिटों से आए अधिकारियों व कर्मचारियों व सीआडी यूनिट जींद के अधिकारियों व कर्मचारियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान सुरक्षा के विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं जैसे वीआईपी मूवमेंट के दौरान सुरक्षा प्रबंधन, रूट चार्ट की योजना, भीड़ नियंत्रण, संदिग्ध गतिविधियों की पहचान, एंट .सैबोटाज चेकिंग तथा आपातकालीन परिस्थितियों में रेस्पॉन्स को लेकर विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम में विशेष रूप से यह सुनिश्चित किया गया कि प्रत्येक पुलिस अधिकारी व कर्मचारी को मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान अपनी भूमिका और जिम्मेदारी का पूर्ण ज्ञान हो, संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखी जाए, बिना अनुमति के ड्रोन उड़ाने पर पांबदी रखी जाए, कार्यक्रम में लगे सभी संबंधित विभागों से प्रमाण पत्र लिया जाए। डॉग स्कवायड की मदद से सघन तलाशी ली जाए। किसी संभावित खतरे को भांपते हुए तुरंत कार्रवाई कि जाए ताकि सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक की संभावना को शून्य किया जा सके। इसके साथ ही आधुनिक सुरक्षा उपकरणों व तकनीकी संसाधनों के उपयोग का भी व्यावहारिक अभ्यास कराया गया। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित पुलिस बल को संबोधित करते हुए कहा कि वीआईपी सुरक्षा एक अत्यंत संवेदनशील दायित्व है। जिसमें सतर्कता, समन्वय और अनुशासन की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, सजगता व प्रोफेशनल तरीके से करें।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

