पानीपत में बनेगा महिला, वृद्ध, अनाथ व लेबर हॉस्टल, सीएम ने दी मंजूरी
पानीपत, 27 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पानीपत की चार परियोजनाओं को अमलीजामा पहनाते हुए हरी झंडी दे दी है। औद्योगिक नगरी में अब समाज के हर वर्ग की सुरक्षा और सुविधा के लिए वर्किंग वुमन हॉस्टल, वृद्धाश्रम, अनाथ आश्रम और लेबर हॉस्टल का निर्माण किया जाएगा।
ये सभी प्रोजेक्ट्स आईटीआई कच्चा कैंप के विशाल परिसर में बनाए जाएंगे, जिससे शहर के बुनियादी सामाजिक ढांचे को नई मजबूती मिलेगी। पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज ने साेमवार काे बताया कि औद्योगिक शहर होने के नाते पानीपत में बड़ी संख्या में महिलाएं विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत हैं।
प्रस्तावित वर्किंग वुमन हॉस्टल विशेष रूप से उन महिलाओं के लिए मील का पत्थर साबित होगा, जो देर रात तक फैक्ट्रियों या कार्यालयों में काम करती हैं। यह हॉस्टल उन्हें न केवल सुरक्षित वातावरण प्रदान करेगा, बल्कि रहने के लिए सम्मानजनक स्थान भी सुनिश्चित करेगा। उनके अथक प्रयासों से समाज के संवेदनशील वर्ग के लिए मुख्यमंत्री ने दो महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी है। वृद्धाश्रम, वरिष्ठ नागरिकों के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस इस आश्रम में उन्हें वृद्धावस्था में बेहतर स्वास्थ्य और सम्मानजनक जीवन जीने की सुविधा मिलेगी।
अनाथ आश्रमः बेसहारा और जरूरतमंद लड़के-लड़कियों के लिए यह आश्रम उनके उज्ज्वल भविष्य का आधार बनेगा, जहाँ उनकी शिक्षा और परवरिश का ध्यान रखा जाएगा। तथा श्रमिकों के लिए लेबर हॉस्टल का निर्माण किया जाएगा। इससे प्रवासी और स्थानीय श्रमिकों को किफायती और बेहतर आवासीय सुविधा मिल सकेगी, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार होगा। विधायक प्रमोद विज के अनुसार, ये चारों हॉस्टल सर्व सुविधा युक्त होंगे। इनमें आधुनिक किचन, आरामदायक बेडरूम, साफ-सफाई के पुख्ता इंतजाम और मनोरंजन के साधन हॉस्टल के अंदर ही उपलब्ध होंगे। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि यहां रहने वाले लोगों को घर जैसा वातावरण मिल सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

