home page

जींद : इंडिया गठबंधन ने वोट चोरी के आरोपों पर किया प्रदर्शन

 | 
जींद : इंडिया गठबंधन ने वोट चोरी के आरोपों पर किया प्रदर्शन


जींद, 08 अक्टूबर (हि.स.)। भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के विरोध और वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान के तहत गुरूवार को इंडिया महागठबंधन के घटक दलों ने जींद में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की संयुक्त अध्यक्षता प्रकाश चंद्र, कांग्रेस जिला प्रधान रिषिपाल हैबतपुर और प्रेमचंद ने की। कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मतदाता सूचियों में कथित गड़बडिय़ों और वोटों की सुरक्षा का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।

प्रदर्शन में पूर्व मंत्री एवं झज्जर से कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न हथकंडों के जरिए वोटों की चोरी की गई तथा कई प्रदेशों में सरकारें भी चोरी की गईं। उन्होंने कहा कि विपक्ष जब मुख्य चुनाव आयुक्त से मिलने का प्रयास करता है तो नेताओं और सांसदों को गिरफ्तार किया जाता है। दिल्ली में चल रहे आंदोलन का जिक्र करते हुए भुक्कल ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित बड़ी संख्या में सांसदों की गिरफ्तारी से सरकार की घबराहट सामने आ गई है।

ज्ञानेश कुमार को हर हाल में इस्तीफा देना होगा और उनके खिलाफ संवैधानिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए। मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया गया। प्रदर्शनकारी रानी तालाब स्थित बाबा साहेब डा. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के पास एकत्र हुए और वहां से जुलूस के रूप में लघु सचिवालय परिसर में पहुंचे। प्रदर्शन को कपूर सिंह, रमेश चंद्र प्रेमचंद, मास्टर बलबीर सिंह राज्य अध्यक्ष किसान सभा एवं संयुक्त किसान मोर्चा के नेता, रिटायर्ड कर्मचारी यूनियन के नेता ईश्वर ठाकुर, अक्षय राज्य अध्यक्ष एसएफआई तथा नरेश राज्य सचिव नौजवान सभा सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा