हिसार : शेयर बाजार में भारी मुनाफे का लालच देकर लगाया 2.40 करोड़ का चूना
जीजा व साला बने ठगों का शिकार, पुलिस ने दर्ज
किया केस
हिसार, 03 अप्रैल (हि.स.)। साइबर अपराधियों ने
द्वारा व्यापारी और उनके रिश्तेदार से 2.40 करोड़ की ठगी का मामला सामने आया है। ठगों
ने शेयर बाजार में भारी मुनाफे का लालच देकर जीजा व साले को ठगी का शिकार बनाया और
यह वारदात कर डाली।
शहर के नागोरी गेट निवासी एवं मिर्जापुर रोड
पर स्टील पाइप की दुकान चलाने वाले सन्नी बंसल ने साइबर पुलिस को शिकायत दी है। सन्नी
ने शुक्रवार काे बताया कि करीब एक महीने पहले उन्हें अज्ञात व्यक्तियों ने दो वाट्सएप
ग्रुपों में जोड़ा था। इन ग्रुपों में निवेश के जरिए भारी कमाई के दावों से प्रभावित
होकर सन्नी ने अपने जीजा सतीश कुमार को भी इसमें शामिल कर लिया। डॉ. राजीव सिंह, मीना
और खुशी नाम के व्यक्तियों ने उन्हें एक विदेशी ट्रेडिंग एप ‘मार्क सीएम’ डाउनलोड करने का लिंक
भेजा, जिसे ठगों ने भारत और अमेरिका में लाइसेंस प्राप्त बताया था।
सन्नी बंसल ने बताया कि वॉट्सएप ग्रुप में लगातार
शेयर ट्रेडिंग से मोटा मुनाफा कमाने के स्क्रीनशॉट और मैसेज डाले जा रहे थे, जिससे
विश्वास पैदा हुआ। इसके बाद आरोपियों ने सीधे संपर्क कर खुद को विशेषज्ञ बताकर निवेश
करने की सलाह दी। सन्नी बंसल और उनके जीजा सतीश कुमार को लिंक के जरिए एक एप डाउनलोड
करवाई गई। एप में आईडी बनाने के बाद शुरुआती निवेश पर कुछ ही दिनों में भारी मुनाफा
दिखाया गया, जिससे दोनों का भरोसा पूरी तरह बन गया।
इसके बाद ठगों ने आईपीओ में निवेश का नया लालच
दिया और सीएमपीडीआई के नाम पर पैसे लगाने को कहा। निवेश के लिए अलग-अलग बैंक खातों
के नंबर भेजे गए, जिनमें फेडरल बैंक और यस बैंक के खाते भी शामिल थे। सन्नी बंसल ने
अपने एचडीएफसी बैंक खाते से 12 मार्च से 30 मार्च के बीच अलग-अलग किश्तों में 50 हजार,
दो लाख, दो लाख, 27.50 लाख और 10 लाख रुपए सहित कुल करीब 43 लाख रुपये ट्रांसफर किए।
इसी तरह उसके जीजा सतीश कुमार ने भी विभिन्न बैंक खातों से करीब 1.97 करोड़ रुपए आरटीजीएस
के माध्यम से भेज दिए। दोनों के खातों में एप पर लगातार बढ़ता हुआ मुनाफा दिखाया जाता
रहा, जिससे उन्हें यकीन हो गया कि उनका निवेश सुरक्षित है और तेजी से बढ़ रहा है लेकिन
जब उन्होंने अपने पैसे निकालने की कोशिश की, तो एप से निकासी नहीं हो सकी। इस पर आरोपियों
ने नए बहाने बनाकर और अधिक पैसे जमा कराने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। साथ ही उनके
अकाउंट में अचानक नुकसान दिखाना शुरू कर दिया गया। स्थिति संदिग्ध लगने पर सन्नी और
सतीश कुमार को एहसास हुआ कि वे साइबर ठगी का शिकार हो चुके हैं। इसके बाद उन्होंने
नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीसीआपी) पर शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने
शिकायत के आधार पर जांच शुरू की। प्राथमिक जांच में मामला सही पाए जाने पर साइबर क्राइम
थाना हिसार में केस दर्ज कर के जांच शुरू कर दी है। अभी आरोपियों का कोई सुराग नहीं
लगा है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

