हिसार : प्रो. हेमचंद्र गर्ग ने संभाला इंजीनियरिंग एवं टेक्नोलॉजी संकाय के अधिष्ठाता का कार्यभार
नियुक्ति पर जताया कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई
का आभार
हिसार, 09 मार्च (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान
एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर
प्रो. हेमचंद्र गर्ग को विश्वविद्यालय प्रशासन ने तीन साल के लिए इंजीनियरिंग एवं टेक्नोलॉजी
संकाय का अधिष्ठाता नियुक्त किया है। उन्होंने इंजीनियरिंग एवं टेक्नोलॉजी संकाय के
अधिष्ठाता के रूप में कार्यभार संभाल लिया है।
अपनी इस नियुक्ति के लिए प्रो. हेमचंद्र गर्ग
ने साेमवार काे विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई का आभार व्यक्त किया। उन्होंने
कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन को संकाय की सर्वोच्च प्राथमिकता
बनाया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग
को राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए समर्पित भाव
से कार्य करने का भरोसा भी व्यक्त किया।
प्रो. हेमचंद्र गर्ग एक मेहनती, ईमानदार, कर्मठ,
प्रतिष्ठित शिक्षाविद् और समर्पित शोधकर्ता के रूप में जाने जाते हैं। उनके नाम राष्ट्रीय
और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित पत्रिकाओं में सौ से अधिक शोध-पत्र प्रकाशित हैं।
उन्होंने अपने शैक्षणिक जीवन में अनेक महत्त्वपूर्ण शोध परियोजनाओं को सफलतापूर्वक
लागू किया है, जिससे विश्वविद्यालय की शोध गतिविधियों को नई दिशा मिली है। प्रशासनिक
अनुभव की दृष्टि से भी प्रोफेसर गर्ग का कार्यकाल अत्यंत समृद्ध रहा है। वे लगभग दस
वर्षों तक मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के अध्यक्ष के रूप में कार्य कर चुके हैं। इसके
अतिरिक्त वे सीआईआईपी के निदेशक एवं यूनिवर्सिटी प्लेसमेंट निदेशक के रूप में भी अपनी
सेवाएं दे चुके हैं तथा वर्तमान में विश्वविद्यालय के कार्य विभाग के प्रोफेसर इंचार्ज
के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अनेक वरिष्ठ शिक्षकों
और कर्मचारियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी। प्रो. कर्मपाल नरवाल, प्रो. योगेश चाबा, प्रो.
संदीप कुमार आर्य, प्रो. विनोद छोकर, प्रो संदीप राणा, प्रो. दलबीर सिंह, प्रो. ओमप्रकाश
सांगवान, प्रो. महेश शर्मा, प्रो. संजीव कामरा, प्रो. मनीष गुप्ता, प्रो. पंकज शर्मा
सहित वरिष्ठ शिक्षक एवं संकाय कर्मचारी उपस्थित रहे और प्रोफेसर गर्ग को नई जिम्मेदारी
के लिए बधाई दी। पूरे विश्वविद्यालय समुदाय ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रोफेसर हेमचंद्र
गर्ग के नेतृत्व में इंजीनियरिंग संकाय शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र
में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा तथा संस्थान की प्रतिष्ठा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय
स्तर पर और अधिक सुदृढ़ होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

