चंडीगढ़: नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद संजय भाटिया, कर्मवीर बौद्ध का कार्यकाल शुरू
अधिसूचना जारी, 2032 तक रहेगा दोनों सांसदों का कार्यकाल
चंडीगढ़, 10 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा से नव-निर्वाचित राज्यसभा सांसद संजय भाटिया और कर्मवीर सिंह बौद्ध का छह वर्ष का कार्यकाल शुक्रवार से औपचारिक रूप से शुरू हो गया। केंद्र सरकार के विधायी विभाग द्वारा भारत सरकार के गजट में नोटिफिकेशन जारी कर दोनों नेताओं के निर्वाचन को विधिवत अधिसूचित कर दिया गया है।
राज्यसभा की दोनों सीटों के लिए 16 मार्च को चुनाव हुआ था, जिसमें भाजपा के संजय भाटिया और कांग्रेस के कर्मवीर सिंह बौद्ध निर्वाचित घोषित किए गए थे। मतदान के बाद देर रात तक चली मतगणना के उपरांत रिटर्निंग ऑफिसर पंकज अग्रवाल ने दोनों विजयी उम्मीदवारों को निर्वाचन प्रमाण-पत्र भी प्रदान कर दिया था। हालांकि, अधिसूचना के बाद ही उनका निर्वाचन विधिक रूप से पूर्ण माना गया है।
पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में अधिवक्ता हेमंत कुमार ने बताया कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 67 और 71 के तहत राज्यसभा सदस्यों के निर्वाचन को गजट में अधिसूचित करना अनिवार्य है। इसी प्रक्रिया के तहत 10 अप्रैल 2026 से दोनों सांसदों का कार्यकाल शुरू होकर 9 अप्रैल 2032 तक रहेगा।
हरियाणा से राज्यसभा में अन्य मौजूदा सदस्यों में कार्तिकेय शर्मा (निर्दलीय) और रेखा शर्मा (भाजपा) का कार्यकाल अगस्त 2028 तक, जबकि सुभाष बराला (भाजपा) का कार्यकाल अप्रैल 2030 तक है। उल्लेखनीय है कि संसद के बजट सत्र की अगली बैठक 16 अप्रैल को प्रस्तावित है। इसी दौरान उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन द्वारा संजय भाटिया, कर्मवीर बौद्ध और अन्य नव-निर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई जाएगी। इस सत्र में महिला आरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण विधेयक पर भी चर्चा और पारित होने की संभावना है, जिससे संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को एक-तिहाई प्रतिनिधित्व देने का मार्ग प्रशस्त होगा।
----
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

