home page

चंडीगढ़ : 9.68 लाख लाडो को मिली छठी लक्ष्मी किस्त, लाभार्थियों के खातों में जारी

 | 

1665 करोड़ 25 लाख रुपये की राशि

सीएम का ऐलान ,फायरकर्मियों के परिवारों को 30 लाख और नौकरी

चंडीगढ़, 10 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने वैशाखी पर्व पर 9.68 लाडो को छठी लक्ष्मी किस्त की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत लाभार्थियों के खातों में 1665 करोड़ 25 लाख रुपये की राशि जारी की। इनमें लाडो लक्ष्मी की छठी किस्त के तौर पर 203 करोड़ 28 लाख की राशि भी शामिल है। वहीं, मुख्यमंत्री ने फरीदाबाद में ड्यूटी के दौरान शहीद हुए फायरकर्मियों के परिवारों को 30 लाख रुपये की सहायता और नौकरी देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी’ योजना, 15 तरह की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, दयालु योजना और अनुसूचित जाति वर्ग के किसानों को ट्रैक्टर सब्सिडी योजना के तहत बटन दबाकर लाभार्थियों के खातों में 1665 करोड़ रुपये की राशि भेजी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प के अनुरूप डबल इंजन की सरकार महिला सशक्तिकरण और उनके आर्थिक विकास के लिए लगातार काम कर रही है। इस दौरान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी भी उपस्थित थे।

उन्होंने कहा कि आज ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी’ योजना की छठी किस्त जारी की है। इस योजना के तहत 9 लाख 68 हजार लाभार्थी महिलाओं के खातों में 203 करोड़ 28 लाख रुपये की राशि डाली गई है। इसे मिलाकर अब तक 6 किस्तों में 1,038 करोड़ 5 लाख रुपये की राशि जारी की जा चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में लाडो लक्ष्मी योजना के लिए 6 हजार 500 करोड़ रुपये का प्रावधान भी किया है। उन्होंने कहा कि 15 तरह की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत भी 1144 करोड़ 55 लाख रुपये की राशि सीधे 35 लाख 55 हजार 187 लाभार्थियों के खातों में डाली गई है। इनमें वृद्धावस्था सम्मान भत्ता और दिव्यांगजन भत्ता और अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन शामिल हैं।

कांग्रेस के समय पेंशन में होता था भ्रष्टाचार

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस के समय में तो 6-6 महीने और 1—1 साल तक पेंशन ही नहीं बनती थी और अगर बनती भी थी, तो उसमें भ्रष्टाचार होता था। लेकिन हमारी सरकार ने व्यवस्था परिवर्तन करते हुए ‘प्रो-एक्टिव मॉडल’ को अपनाया है।

अनुसूचित जाति के 645 किसानों को ट्रैक्टर के लिए 19.35 लाख की सबसिडी

मुख्यमंत्री ने अनुसूचित जाति वर्ग के किसानों को ट्रैक्टर सब्सिडी प्रदान की गई है। इसके तहत अनुसूचित जाति के 645 किसानों को ट्रैक्टर खरीदने के लिए 19 करोड़ 35 लाख रुपये की सब्सिडी जारी की गई है। प्रत्येक पात्र किसान को ट्रैक्टर खरीद पर 3 लाख रुपये की सब्सिडी उपलब्ध करवाई जाती है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने फरीदाबाद में एचकेआरएन के तहत कार्यरत दो फायरकर्मियों की ड्यूटी के दौरान हुए दुखद हादसे में मृत्यु पर सरकार ने तुरंत राहत के रूप में प्रति परिवार 30 लाख रुपये की राशि जारी करने का निर्णय लिया है। हरियाणा परिवार सुरक्षा न्यास के माध्यम से 10 लाख रुपये प्रति परिवार तथा मुख्यमंत्री राहत कोष से 20 लाख रुपये प्रति परिवार जारी की जा रही है। इसके अतिरिक्त उनके परिवार के किसी एक आश्रित को एचकेआरएन के तहत नौकरी भी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त इंश्योरेंस के रूप में भी वित्तीय सहायता पीड़ित परिवारों को दिलवाने के लिए सरकार प्रयासरत है।

__________________

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा