home page

चंडीगढ़: हरियाणा प्रदेश कांग्रेस को तेज-तर्रार प्रवक्ताओं व पैनलिस्ट की तलाश

 | 
चंडीगढ़: हरियाणा प्रदेश कांग्रेस को तेज-तर्रार प्रवक्ताओं व पैनलिस्ट की तलाश


-कांग्रेस ने राष्ट्रीय स्तर पर शुरू किया टैलेंट हंट कार्यक्रम

-सरकार को घेरने के लिए कांग्रेस तलाशेगी मुखर प्रवक्ता

चंडीगढ़, 6 दिसंबर (हि.स.)। सरकार को हर मोर्चे पर घेरने के लिए कांग्रेस को तेज-तर्रार प्रवक्ताओं की दरकार है। जिस तरह से बच्चों के टैलेंट हंट करके प्रतिभाओं को तलाशा जाता है, उसी तर्ज पर कांंग्रेस ने भी टैलेंट हंट कार्यक्रम की शुरुआत की है। टैलेंट हंट के मंच से ही कांग्रेस मुखर होकर बोलने वाले प्रवक्ता और टीवी पैनलिस्ट तलाशेगी। शनिवार को हरियाणा में कांग्रेस के टैलेंट हंट की शुरुआत हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रमुख संजीव भारद्वाज ने की।

संजीव भारद्वाज का कहना है कि हरियाणा को अलग-अलग जोन में बांटा गया है। सभी जोन में टैलेंट हंट कार्यक्रम शुरू किए गए हैं। आगामी 14 दिसंबर 2025 से साक्षात्कार लेने शुरू किए जाएंगें। एक महीने तक यह सब चलेगा। कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व की ओर से यह समय दिया गया है। इस समय अंतराल में प्रवक्ताओं व पैनलिस्ट की सूची तैयार कर ली जाएगी। प्रवक्ता व पैनलिस्ट बनाने के लिए उन्हें वरीयता दी जाएगी, जो कि राज्य व राष्ट्र स्तर के मुद्दों का गहरा ज्ञान रखते हैं। मीडिया प्रमुख संजीव भारद्वाज के मुताबिक प्रवक्ता व पैनलिस्ट में 33 प्रतिशत महिलाओं को आरक्षण देने का भी प्रयास होगा।

उन्होंने बताया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया विभाग की ओर से हरियाणा को चार जोन में विभाजित किया गया है। सभी जाेन में इंचार्ज लगाए गए हैं। अंबाला जोन के वे स्वयं (संजीव भारद्वाज) इंचार्ज हैं। चांदवीर सिंह हुड्डा, प्रोफेसर राय सिंह व केवल धींगड़ा को भी एक-एक जोन में लगाया गया है। पंचकूला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, अंबाला, करनाल, पानीपत, कैथल, दक्षिण हरियाणा से प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के महेंद्रगढ़ जिला को मिलाकर एक जोन बनाया गया है। आवेदन प्रक्रिया शुरू किए जाने के बाद करीब 30 आवेदन जमा हो चुके हैं। तय समय तक आवेदन जमा होने के बाद स्क्रूटनी होगी। इसके बाद साक्षात्कार प्रक्रिया पूरी की जाएगी। सूची फाइनल करके पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया विभाग के चेयरमैन पवन खेड़ा को सौंपी जाएगी। वहां से नामों पर अंतिम निर्णय होगा।

----

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा