home page

चंडीगढ़ : सड़क दुर्घटनाएं समाज के लिए गंभीर चिंतनीय: नायब सैनी

 | 
चंडीगढ़ : सड़क दुर्घटनाएं समाज के लिए गंभीर चिंतनीय: नायब सैनी


-सीएम बोले: सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा के लिए उठाए ठोस कदम

-मुख्यमंत्री ने 'सड़क सुरक्षा समाधान विषय पर आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय आईआरसी सेमिनार का किया उद्घाटन

चंडीगढ़, 27 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सड़क केवल एक भौतिक संरचना नहीं होती, यह विकास की जीवन रेखा होती है। यह गांव को शहर से जोड़ती है, किसान को बाजार से जोड़ती है, युवा को अवसरों से जोड़ती है और देश को प्रगति के पथ पर अग्रसर करती है। लेकिन, यह भी एक कटु सत्य है कि जहां सड़क विकास का माध्यम है, वहीं सड़क दुर्घटनाएं हमारे समाज के लिए एक गंभीर चिंता का विषय बनी हुई हैं।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को चंडीगढ़ में भारतीय सड़क कांग्रेस (आई.आर.सी) एवं लोक निर्माण विभाग हरियाणा द्वारा 'सड़क सुरक्षा समाधान' विषय पर आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी के उद्घाटन समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने दीप प्रज्वलित करके विधिवत रूप से कार्यक्रम की शुरुआत की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा के लिए कई ठोस कदम उठाए गए हैं। ब्लैक स्पॉट की पहचान और सुधार, ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम का आधुनिकीकरण, जागरूकता अभियान और नई तकनीकों का उपयोग के माध्यम से सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि 'सड़क सुरक्षा समाधान विषय पर आयोजित संगोष्ठी देश के भविष्य का रोडमैप तैयार करने का एक महत्वपूर्ण मंच है। यहां विचार, तकनीक, अनुभव और संकल्प मिलकर भारत को सुरक्षित, सशक्त और विकसित बनाने की दिशा में आगे बढ़ेंगे। इस मौके पर लोक निर्माण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव ए.के. सिंह, क्वालिटी एश्योरेंस अथॉरिटी के चेयरमैन राजीव अरोड़ा, आईआरसी के सेक्रेटरी जनरल राहुल गुप्ता, वाइस प्रेसिडेंट डॉ. डीआर मेघवाल, मनोज वास्तव, पीडब्ल्यूडी के चीफ इंजीनियर राजीव यादव सहित कई अधिकारी एवं गणमान्य मौजूद थे।

सड़क सुरक्षा के लिए रोड सेफ्टी ऑडिट करवाने के दिशा-निर्देश जारी: गंगवा

लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि सरकार का स्पष्ट विज़न है “सुरक्षित सड़क, मजबूत हरियाणा”। हम केवल सड़कें ही नहीं बना रहे, हम एक सुरक्षित और आधुनिक भविष्य की नींव रख रहे हैं। इसलिए मजबूत सड़कों की महत्वत्ता को देखते मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 2025-26 के बजट अनुमान 4830.73 करोड़ को 22 प्रतिशत की बढ़ोतरी करते हुए वर्ष 2026-27 में 5893.66 करोड़ रुपये कर दिए हैं, जो अपने आप में एक महत्वपूर्ण बात है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के सभी लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं को आईआरसी कोड वितरित किए गए हैं, ताकि उनके तकनीकी ज्ञान में वृद्धि हो और कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी राज्य राजमार्गों की सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए रोड सेफ्टी ऑडिट करवाने के दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। स्कूल के विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्कूल ज़ोन में संकेतक बोर्ड और रोड मार्किंग के लिए 25 करोड़ रुपये की राशि इसी वर्ष आवंटित की गई है। सड़कों की कच्ची बर्म पर स्थित बिजली के खंभों और पेड़ों के कारण दुर्घटना की संभावना को देखते हुए कनिष्ठ अभियंताओं और उप-मंडल अभियंताओं को निर्देश दिए गए हैं कि इन पर रिफ्लेक्टिव टेप लगाया जाए, ताकि सड़क हादसों को कम किया जा सके।

---

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा